PM मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, CM रेखा गुप्ता की खास अपील…

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस (17 सितंबर) के अवसर पर दिल्ली सरकार ने राजधानीवासियों से एक विशेष और आत्मीय अपील की है। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने दिल्ली के प्रत्येक परिवार से आह्वान किया है कि वे बुधवार, 17 सितंबर की शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र सेवा के प्रति उनके समर्पण का अभिनंदन करें। 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली की जनता के नाम संदेश जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन मां भारती की सेवा और 140 करोड़ देशवासियों के कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिन के इस विशेष अवसर पर दिल्ली का हर परिवार अपनी शुभकामनाएं और आशीर्वाद दीये के प्रकाश के माध्यम से प्रकट करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शाम 6 से 7 बजे के बीच जलने वाला हर दीया केवल प्रकाश का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और प्रधानमंत्री के प्रति दिल्लीवासियों के स्नेह, सम्मान व सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगा। दिल्लीवासी इस अवसर पर प्रधानमंत्री के निरंतर ऊर्जावान रहने और देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की शक्ति के लिए प्रार्थना करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता हमेशा से राष्ट्रीय पर्वों और विशेष अवसरों पर अपनी एकजुटता और सांस्कृतिक मूल्यों का परिचय देती रही है। 17 सितंबर की शाम को जलने वाले ‘आशीर्वाद के दीये’ पूरी दिल्ली को एक सूत्र में पिरोने और प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करने का कार्य करेंगे।

मुख्यमंत्री ने युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और सभी सामाजिक संगठनों से इस पावन पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *