अमेरिका के लॉस एंजिल्स के बाहरी इलाके में एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। शहर के फायर डिपार्टमेंट ने जानकारी दी कि इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट (LAFD) के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह हेलीकॉप्टर चैट्सवर्थ इलाके में दो कमर्शियल बिल्डिंग्स के बीच गिरा। एक व्यक्ति को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है और उनकी हालत के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।
मीडिया हेलीकॉप्टर क्रैश
यह तुरंत साफ नहीं हो पाया कि हेलीकॉप्टर कौन उड़ा रहा था, लेकिन स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह एक न्यूज हेलीकॉप्टर था जो एक जानलेवा बस दुर्घटना वाली जगह के पास उड़ रहा था।
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। एक बस एक्सीडेंट को कवर कर रहा मीडिया का हेलीकॉप्टर ही क्रैश हो गया।
घटनास्थल के फुटेज में दो शिपिंग कंटेनर और कई गाड़ियां जलती हुई दिखाई दीं। फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि आग बुझा दी गई है। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि दुर्घटना में मारे गए लोगों में से कुछ हेलिकॉप्टर में सवार थे या नहीं
लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट के प्रवक्ता कैप्टन ब्रैंडन सिल्वरमैन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मारे गए लोगों में से कम से कम एक व्यक्ति बाहर पार्किंग लॉट में था। उन्होंने कहा, ‘हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि हेलीकॉप्टर के अंदर कितने लोग सवार थे।’
सिल्वरमैन ने बताया, ‘हेलीकॉप्टर पूरी तरह से नष्ट हो गया है। मलबे की जांच करके ही पता चल पाएगा कि कितने लोग सवार थे।’
फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद 50 से अधिक दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि आग से चार वाहन और दो स्टोरेज कंटेनर क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन मंगलवार शाम तक आग पर काबू पा लिया गया।