नासिक टीसीएस उत्पीड़न मामले में आरोपी निदा खान फरार नहीं हैं और मुंबई में ही हैं। निदा के परिवार के का कहना है कि वह प्रेग्नेंट भी है। इसके साथ ही परिजनों ने यह भी बताया कि निदा टीसीएस के एचआर डिपार्टमेंट में काम नहीं करती थी।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, निदा खान के परिवार ने इस बात की पुष्टि की है कि वह टीसीएस की एचआर टीम के लिए काम नहीं करती, जैसा कि टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर दावा किया जा रहा है।
‘सेल्स टीम का हिस्सा है निदा खान’
परिवार ने बताया कि उसका पद टेली-कॉलर का था और वह सेल्स टीम का हिस्सा थी। उन्होंने आगे कहा कि वह दिसंबर 2021 में बीपीओ में शामिल हुई थी और वह वरिष्ठ कर्मचारी नहीं थी। परिवार के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, “वह कभी भी एचआर टीम से नहीं जुड़ी रही।”
निदा के छोटे भाई ने क्या बताया?
उसके छोटे भाई ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रही उसकी एक तस्वीर, जिसमें उसे कंपनी की नासिक यूनिट का एचआर हेड बताया गया है, उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से ली गई थी। उसने आगे कहा कि उस तस्वीर पर यह पदनाम अलग से जोड़ा गया था।
बता दें कि निदा खान उन आठ कर्मचारियों में से एक हैं, जिन पर टीसीएस के नासिक बीपीओ में अपने सहकर्मियों के साथ कथित बलात्कार, यौन उत्पीड़न, धार्मिक दबाव और अन्य प्रकार के उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है। सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस ने दावा किया कि निदा खान फरार है।
निदा के पिता को है इस बात का पछतावा
रिपोर्ट के अनुसार, निदा के पिता ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर बहुत गर्व था कि उसे एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी मिली, लेकिन अब उन्हें उसे काम करने के लिए प्रोत्साहित करने का पछतावा है। उसके पिता लकड़ी का कारोबार करते हैं।
उन्होंने कहा, “बेहतर होता अगर उसने काम ही न किया होता। उसके बारे में इतनी बुरी-बुरी बातें कही जा रही हैं, जिनमें से कोई भी सच नहीं है। हम बहुत परेशान हैं। उसकी मां बीमार पड़ गई है।”
उन्होंने आगे कहा कि उनकी बेटी ने इनमें से कोई भी काम नहीं किया है। वह तो बस हर रोज काम पर जाती थी और लोगों को ‘हाय’ और ‘बाय’ कहने भर के लिए ही मुसीबत में फंस गई।
‘एमबीए की पढ़ाई कर रही निदा’
खबरों के अनुसार, निदा खान ने कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया है और फिलहाल काम करने के साथ-साथ कॉरेस्पोंडेंस के जरिए एमबीए की पढ़ाई भी कर रही है।
निदा के चाचा ने बताया कि पिछले साल शादी के बाद वह इस साल जनवरी में अपने पति के साथ रहने के लिए मुंबई चली गई, जहां 9 अप्रैल को सस्पेंड होने तक वह कंपनी के मलाड स्थित बीपीओ में काम कर रही थी।