विकास खंड पथरदेवा के मनरेगा कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कर्मियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे चरणबद्ध आंदोलन के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे।
कर्मियों ने बताया कि पिछले सात माह से उनका मानदेय बकाया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री द्वारा अक्टूबर 2021 में घोषित मानव संसाधन नीति अब तक लागू नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों में भारी असंतोष है।
ग्राम रोजगार सेवक संघ के ब्लाक अध्यक्ष विनोद राव ने कहा कि सरकार द्वारा की गई घोषणाओं को विभाग द्वारा लागू न करना न केवल कर्मचारियों के साथ अन्याय है, बल्कि इससे सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से नियमित मानदेय, स्थायीकरण और कैशलेस चिकित्सा सुविधा जैसी मांगें उठाई जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो संगठन चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगा, जो आगे चलकर अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल सकता है।
इस दौरान अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी रवि प्रकाश सिंह, ब्लाक अध्यक्ष विनोद राव, रणजीत राव, सूरज यादव, मेनका सिंह, श्वेता मिश्रा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।