हरियाणा में एक साथ शुरू होंगी नौ स्वास्थ्य परियोजनाएं, आरती सिंह राव ने किया बड़ा एलान…

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिस तरह एक साथ 10 औद्योगिक पालिसियों को मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी प्रदान की थी, ठीक उसी तर्ज पर अब शुक्रवार को पंचकूला में एक साथ नौ महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ”स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान” के अंतर्गत इन स्वास्थ्य परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।

हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि इन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास 29 मई को दोपहर दो बजे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पंचकूला में आयोजित समारोह में किया जाएगा।

इस अभियान को प्रदेश की स्वास्थ्य अवसंरचना को आधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 22.29 करोड़ रुपये की लागत से 30 स्वास्थ्य संस्थानों का उद्घाटन तथा 21.50 करोड़ रुपये की लागत से 16 नए स्वास्थ्य संस्थानों का शिलान्यास किया जाएगा।

इसके साथ ही मरीजों के तीमारदारों की सुविधा के लिए जिला नागरिक अस्पताल सोनीपत में 6.45 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक अत्याधुनिक विश्राम गृह का शिलान्यास होगा। महिलाओं के विशेष और समर्पित उपचार के लिए राज्य के 23 जिला अस्पतालों में प्रतिवर्ष 0.34 करोड़ रुपये की लागत से ”स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” क्लीनिक की शुरुआत की जाएगी। आम जनता को महंगी और गंभीर चिकित्सा जांच मुफ्त या बेहद किफायती दरों पर मिल सकें, इसके लिए पीपीपी माडल के तहत महत्वपूर्ण विस्तार किया गया है।

MRI सेवाएं शुरू की जाएंगी

इसके अंतर्गत पानीपत और कुरुक्षेत्र के जिला अस्पतालों में 12 करोड़ रुपये की लागत से एमआरआइ सेवाएं तथा बहादुरगढ़ के सब-डिवीजनल अस्पताल तथा दादरी के जिला अस्पताल में 10 करोड़ रुपये की लागत से सीटी स्कैन सेवाओं की शुरुआत की जाएगी।

आरती सिंह राव ने बताया कि हृदय रोगों की समय पर पहचान और तुरंत उपचार के लिए राज्य के 600 स्वास्थ्य संस्थानों में टेली-इसीजी सेवाओं की स्थापना की जा रही है, जिस पर सालाना तीन करोड़ रुपये व्यय होंगे। गुर्दा (किडनी) रोगों से पीड़ित मरीजों को राहत देते हुए महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज,

कोरियावास (नारनौल) और श्री अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय मेडिकल कालेज, छायंसा (फरीदाबाद) में अब निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा प्रदान की जाएगी। आमजन को ब्रांडेड दवाइयां बहुत ही सस्ती और रियायती दरों पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश के 23 जिला अस्पतालों में 1.73 करोड़ रुपये की लागत से ”अमृत फार्मेसी” का भी उद्घाटन किया जाएगा।

1.84 करोड़ की लागत से 24 ICU बेड हुए शामिल

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि निजी क्षेत्र के सहयोग यानी कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) साझेदारी के माध्यम से भी राज्य के अस्पतालों को आधुनिक उपकरणों से लैस किया जा रहा है। इसके तहत 3.60 करोड़ रुपये की लागत से एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन व डिफिब्रिलेटर, 20.50 करोड़ रुपये की लागत से एक्स-रे और 150 ट्रूनैट मशीनें तथा 1.84 करोड़ रुपये की लागत से 24 आइसीयू बेड शामिल किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *