टीसीएस मामले में नया खुलासा: कर्मचारी को कथित तौर पर टोपी पहनाकर नमाज पढ़वाने का आरोप…

नासिक टीसीएस इकाई में यौन उत्पीड़न और मतांतरण के मामले में गिरफ्तार चार आरोपितों ने कथित तौर पर एक 35 वर्षीय पुरुष सहकर्मी को जबरन मुस्लिम टोपी पहनाकर नमाज पढ़वाई।

पुलिस ने शुक्रवार को अदालत में उनकी हिरासत मांगते हुए यह जानकारी दी।

मजिस्ट्रेट की अदालत ने तौसीफ अत्तार, दानिश शेख, शाह रुख कुरैशी और रजा रफीक मेमन को इस मामले में 29 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

न्यायिक हिरासत में रहे आरोपितों को पुलिस ने 23 अप्रैल को फिर से गिरफ्तार किया और शुक्रवार को अदालत में पेश किया।

यह मामला मुंबईनाका पुलिस स्टेशन में वरिष्ठ विश्लेषक के रूप में कार्यरत पुरुष सहकर्मी की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था।

शेख और अन्य तीन आरोपितों पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और आपराधिक धमकी देने के लिए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सुनवाई के दौरान अभियोजक किरण बेंदभर और अनिकेत अव्हाद ने मामले की गंभीरता का हवाला देते हुए उनकी दस दिनों की हिरासत की मांग की।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपित उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते थे। यही नहीं वे हिंदू देवी-देवताओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां करते थे।

शिकायत में कहा गया है कि एक बार उन्होंने उसे जबरन मुस्लिम टोपी पहनाकर नमाज पढ़ने को कहा और इसका वीडियो कर्मचारियों के एक व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर किया गया। पुलिस ने अदालत को बताया कि शिकायतकर्ता का मतांतरण कराने के लिए जबरन मांसाहारी भोजन भी कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *