पीएनजी और सीएनजी उपभोक्ताओं को 100% गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में कदम, घरेलू मांग पूरी करने में सरकार जुटी…

पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच सरकार ने देश में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति स्थिति पर महत्वपूर्ण जानकारी दी है।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि घरेलू पीएनजी और सीएनजी उपभोक्ताओं को प्राकृतिक गैस की आपूर्ति 100 प्रतिशत और औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए लगभग 80 प्रतिशत की जा रही है।

अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि घरेलू पीएनजी कनेक्शनों के लिए 100 प्रतिशत गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही, परिवहन क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली सीएनजी की मांग को भी पूरी तरह पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने हर स्तर पर जनता को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण हमारे आयात प्रभावित हुए हैं। हालांकि, भारत सरकार घरेलू आपूर्ति को बिना किसी रुकावट के जारी रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

एलपीजी के लिए आनलाइन बुकिंग करें, होम डिलीवरी उपलब्ध

एलपीजी के संबंध में सुजाता शर्मा ने दोहराया कि घरेलू आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है और किसी भी वितरक के पास स्टाक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं है। साथ ही उन्होंने आगाह किया कि कुछ अफवाहों के कारण कुछ वितरकों के यहां घबराहट में खरीदारी देखी गई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से वितरकों के शोरूम में व्यक्तिगत रूप से जाने से बचने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि आनलाइन बु¨कग का विकल्प चुनें, क्योंकि होम डिलीवरी उपलब्ध है। सरकार ने व्यावसायिक क्षेत्र में आपूर्ति भी बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक एलपीजी आपूर्ति 70 प्रतिशत तक बहाल कर दी गई है। अप्रैल महीने में अब तक 1,47,000 टन से अधिक व्यावसायिक एलपीजी बेची जा चुकी है।

पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति भी पर्याप्त

सुजाता शर्मा ने कहा कि देशभर में ईंधन की उपलब्धता पर्याप्त बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति भी पर्याप्त है। किसी भी पेट्रोल पंप पर कमी की कोई सूचना नहीं मिली है। हालांकि, उन्होंने अफवाहों के कारण कुछ क्षेत्रों में हो रही घबराहट में खरीदारी की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल का भंडार पर्याप्त है और हमारी रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं।

उद्योगों को किसी भी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए कोयला और केरोसिन जैसे अतिरिक्त ईंधनों की आपूर्ति बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि नहीं की गई है, इसलिए लोगों से अनुरोध है कि वे घबराकर खरीदारी न करें।

एक माह में 81 हजार से अधिक पांच किलो के एलपीजी सिलिंडर बेचे गए

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि देश भर में 81 हजार से अधिक पांच किलो एलपीजी सिलेंडर अप्रैल महीने में बेचे गए, जिससे कुल संख्या 17.83 लाख हो गई। पांच किलो के एलपीजी सिलिंडरों का उपयोग शहरी क्षेत्रों में प्रवासी श्रमिक खाना पकाने के लिए करते हैं।

इसके अलावा, 5.27 लाख पीएनजी कनेक्शनों का गैसीकरण किया गया है और अतिरिक्त 2.60 लाख कनेक्शनों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है, जिससे कुल कनेक्शनों की संख्या 7.87 लाख हो गई है। लगभग 5.97 लाख ग्राहकों ने नए कनेक्शनों के लिए पंजीकरण भी कराया है। 42 हजार से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं ने अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *