मुंगेली : सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार…

अस्पतालों, मेडिकल स्टोर्स व बेकरी इकाइयों की हुई जांच

जिले में नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और औषधि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित “सही दवा-शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले के निजी अस्पतालों, मेडिकल स्टोर्स तथा बेकरी निर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निजी अस्पतालों की फार्मेसियों में दवाओं के रिकॉर्ड, एडवर्स ड्रग इवेंट की रिपोर्टिंग प्रक्रिया तथा दस्तावेजों के संधारण की जांच की गई।

साथ ही दवाओं की गुणवत्ता, स्टॉक संधारण, रिकॉर्ड प्रबंधन तथा सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया। अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर्स संचालकों को दवाओं से संबंधित प्रतिकूल प्रभावों की रिपोर्टिंग अनिवार्य रूप से दर्ज करने और मरीजों से सतत फॉलोअप बनाए रखने के निर्देश दिए।

     अभियान के तहत खाद्य शाखा की टीम ने जिले की बेकरी निर्माण इकाइयों का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, खाद्य निर्माण प्रक्रिया, कच्चे माल के भंडारण, तैयार उत्पादों की गुणवत्ता तथा निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि के उल्लेख की बारीकी से जांच की गई।

बेकरी संचालकों को निर्देशित किया गया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण में स्वच्छता के सभी मानकों का पालन करें तथा निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करें। निरीक्षण टीम ने बेकरी इकाइयों को खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन के साथ उत्पादन स्थल पर साफ-सफाई बनाए रखने, हेड कवर, ग्लब्स एवं एपरान का उपयोग करने तथा कच्चे एवं पके खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *