मुंगेली : जनदर्शन: अतिरिक्त कलेक्टर ने सुनी आमजनों की मांगे एवं समस्याएं…

90 से अधिक आवेदकों ने सौंपे आवास, शौचालय, पेंशन संबंधी आवेदन

जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आमजनों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में 90 से अधिक आवेदकों ने आवास, शौचालय, पेंशन, पेयजल, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, विद्युत व्यवस्था एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

     पथरिया विकासखंड के ग्राम कपुआ निवासी संगीता केशरवानी ने किसान क्रेडिट कार्ड के तहत ऋण उपलब्ध कराने की मांग की। ग्राम अमोरा के बृजमोहन ने नल जल योजना के अंतर्गत स्वच्छ पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। ग्राम नथेलापारा लोरमी की मीराबाई साहू ने आधार कार्ड में नाम सुधार कराने तथा ग्राम बुंदेली निवासी मन्नू राम ने अपनी पुत्री के जन्म प्रमाण पत्र में नाम संशोधन की मांग की।

इसी प्रकार गिरवर ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ दिलाने, ग्राम कुधुरताल की लल्ली लहरे ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय स्वीकृति, ग्राम पुरान के ग्रामीणों ने नया ट्रांसफार्मर लगाने तथा ग्राम शीतलकुंडा के दिव्यांग जितेंद्र अनंत ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।

     ग्राम घोरपुरा के आशीष जांगड़े ने दिव्यांग प्रमाण पत्र में नाम सुधार कराने तथा ग्राम रामबोड़ की सुमन ने आधार कार्ड बनवाने के संबंध में आवेदन दिया। इसके अलावा भी बड़ी संख्या में नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजनों को समय पर राहत मिल सके। इस दौरान मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *