विभागीय योजनाओं की प्रगति की हुई विस्तृत समीक्षा
जिला पंचायत मुंगेली की सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समिति की बैठक बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। बैठक की अध्यक्षता सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समिति की सभापति श्रीमती अनिता साहू ने की। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पाण्डेय, समिति की सदस्य श्रीमती रत्ना काठले एवं श्रीमती अनिला राजपूत भी बैठक में उपस्थित रहीं।
बैठक में सभापति श्रीमती अनिता साहू ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी सफल होगा, जब उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और आम नागरिकों को समय पर लाभ प्राप्त हो।
बैठक में कुछ विभागों के अधिकृत प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर सभापति ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देशित किया कि सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समिति की आगामी बैठकों में सभी विभागों के सदस्य एवं अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि विभागीय योजनाओं की प्रभावी समीक्षा एवं समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।
समीक्षा के दौरान सभापति द्वारा सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री हितेश श्रीवास, कार्यपालन अधिकारी अन्त्यावसायी श्री देवेन्द्र कुमार जांगड़े तथा सहायक संचालक रेशम श्री घनश्याम सिंह को विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, प्रगति में तेजी लाने तथा हितग्राही-केंद्रित कार्यों को प्राथमिकता देने के संबंध में विशेष निर्देश दिए गए।
बैठक में रोजगार सृजन, स्वरोजगार, सहकारिता गतिविधियों के विस्तार, लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन, रेशम विकास तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के बेहतर समन्वय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। बैठक में महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र एवं सदस्य-सचिव श्री किशोर प्रभात सिंह राजपूत ने समिति की सभापति, जिला पंचायत अध्यक्ष, समिति के सदस्यों एवं उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि समिति द्वारा दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक गति लाई जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, उपलब्धियों एवं प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र एवं सदस्य-सचिव श्री किशोर प्रभात सिंह राजपूत, सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री हितेश श्रीवास, कार्यपालन अधिकारी अन्त्यावसायी श्री देवेन्द्र कुमार जांगड़े, सहायक संचालक रेशम श्री घनश्याम सिंह तथा सहायक नोडल अधिकारी श्री भरत लाल कौशिक उपस्थित थे।