युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने किया आह्वान
जिले में युवाओं को उद्यमिता एवं नवाचार के लिए प्रेरित करने स्टार्टअप इंडिया एवं डीपीआईटी के अंतर्गत आयोजित एक दिवसीय TEJAS (Transforming Entrepreneurial Journey Across State & Districts) कार्यशाला का आयोजन विगत दिवस होटल एकासिया इन में किया गया।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। इस अवसर पर जिले के युवा उद्यमियों, छात्र-छात्राओं एवं स्टार्टअप में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि योगेश्वर राजू सिन्हा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में नवाचार और स्टार्टअप आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव हैं। उन्होंने युवाओं से अपने विचारों को व्यवसायिक रूप देने तथा रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं युवाओं को नई सोच और नए अवसर प्रदान करती हैं।
अन्य अतिथियों ने भी अपने उद्बोधन में कहा कि TEJAS जैसी पहल से जिले में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं में नवाचार की भावना विकसित होगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी तथा जितेन्द्र चंद्राकर सहित जिले के उद्योगपति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं उद्योग संचालनालय से श्री अमेय त्रिपाठी, उप संचालक एवं महाप्रबंधक श्री मोहन लाल साहू ने शासन की औद्योगिक एवं स्टार्टअप योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं एवं उभरते उद्यमियों को स्टार्टअप से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन, स्टार्टअप पंजीयन प्रक्रिया, शासकीय योजनाओं तथा वित्तीय सहायता एवं निवेश के अवसरों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा स्टार्टअप की अवधारणा, व्यवसाय मॉडल, नवाचार एवं स्वरोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यशाला में श्री आशीष वर्मा (इन्क्यूबेटर), श्री अरविंद द्विवेदी (ईडीआईआई) एवं श्री अभय पारे (एलडीएम) द्वारा प्रतिभागियों को स्टार्टअप स्थापना, वित्तीय प्रबंधन, बैंकिंग सहायता एवं उद्यमिता विकास के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में आईटीआई, पॉलिटेक्निक, पीजी कॉलेज एवं माता कर्मा कन्या महाविद्यालय के 100 से अधिक छात्र-छात्राएं एवं प्रतिभागी शामिल हुए।