कोरिया : ’जनजातीय गरिमा उत्सव अभियान का शुभारंभ’…

’करहियाखाड़ में विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े एवं कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने किया जनजागरूकता अभियान’

जिला कोरिया के ग्राम पंचायत करहियाखड़ में मंगलवार को “जनजातीय गरिमा उत्सव” अभियान के अंतर्गत जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े, कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदायों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, उनकी सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं के संरक्षण को बढ़ावा देना तथा समाज में जनजातीय समुदाय के सम्मान, स्वाभिमान एवं सहभागिता को सशक्त बनाना रहा। इस अवसर पर ग्रामीणों को हितग्राही मूलक योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका एवं सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

’शुरू हुआ जनजातीय गरिमा उत्सव अभियान’
जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा “जनजातीय गरिमा उत्सव एवं जनभागीदारी अभियान” के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विस्तृत कार्ययोजना जारी की गई है। अभियान का उद्देश्य पीएम जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय समुदायों तक शासन की योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना, व्यापक प्रचार-प्रसार करना, शिकायतों का त्वरित निराकरण करना तथा ग्राम स्तर पर जनभागीदारी को मजबूत बनाना है।

’पैदल गांव भ्रमण कर करेंगे वास्तविक स्थिति का अवलोकन’
अभियान के तहत 20 मई को पीएम-जनमन एवं डीए-जगुआ अंतर्गत चयनित ग्रामों में ग्राम संपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान अधिकारी, कर्मयोगी एवं गैर शासकीय संगठनों के प्रतिनिधि गांवों में पैदल भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का अवलोकन करेंगे। साथ ही ग्रामीणों को शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक कर जनसुनवाई की तिथि की जानकारी देंगे।

21 से 23 मई तक चयनित ग्रामों एवं सेवा केंद्रों में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां शिकायतों के त्वरित निराकरण, अधिकारों के संरक्षण एवं समस्याओं के समाधान हेतु प्रतिदिन गतिविधियां संचालित होंगी।

’शिविरों में मिलेंगे विभिन्न योजनाओं के लाभ’
अभियान के दौरान ग्राम स्तर पर प्रतिदिन संतृप्ति शिविर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मातृ वंदन योजना, जनधन खाता, जाति प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।

24 मई को अभियान के अंतर्गत किए गए कार्यों का अभिलेखीकरण किया जाएगा, जबकि 25 मई को समीक्षा एवं ब्रीफिंग कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें जनसुनवाई से संबंधित प्रगति रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसमें प्राप्त शिकायतें, निराकृत प्रकरण, लंबित मामले, जिम्मेदार अधिकारी एवं कार्रवाई की तिथि जैसी जानकारियां शामिल होंगी। अभियान के समापन के बाद कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास द्वारा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *