‘दहेज लेना पाप है’, यह बात हम सालों से लगातार सुनते आ रहे हैं, लेकिन आज भी ये कुरीति देश के हर हिस्से में पैर जमाए हुई है।
एक तरफ जहां हम मॉडर्न विचारों को अपनाने की बात कहते हैं, वहीं लोगों के बीच दहेज की मानसिकता हमें पिछली कई पीढ़ियों में धकेल देती है।
दहेज प्रताड़ना को लेकर सामने आ रहे मामलों ने देश को झकझोर दिया है। 12 मई को भोपाल की ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने से फिर एक बार दहेज उत्पीड़न का मामला चर्चा में है।
ट्विशा शर्मा के बाद 17 मई को नोएडा की रहने वाली दीपिका नागर की आत्महत्या का मामला सामने आया। ट्विशा की तरह इस मामले में भी लड़की के घरवालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए।
कर्नाटक की रहने वाली 24 वर्षीय ऐश्वर्या की भी दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के कारण मौत की खबर सामने आई।
हरियाणा के सिरसा में निक्की भाटी, भोपाल की ट्विशा शर्मा, नोएडा की दीपिका नागर और कर्नाटक की ऐश्वर्या तक, ऐसी कई महिलाएं हैं, जिनके परिवार वाले दहेज प्रताड़ना को अपनी बेटियों की मौत की वजह बता रहे हैं।
दहेज से मौत के 8 बड़े मामले
- इंदौर में 16 सितंबर 2006 को एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। सर्वोदयनगर में भूमि (ऋचा) रामचंदानी की हत्या कर उसके दो टुकड़े किए थे। टुकड़ों को दो पोटलियों में बांधकर धन्वंतरि स्कूटी से पटेलनगर स्थित उद्यान में दो बार में फेंक गया था।
- 2024 में प्रयागराज की अंशिका का दहेज प्रताड़ना से मौत का ऐसा ही मामला सामने आया था। अंशिका का शव ससुराल में फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला था। इस मामले में तीन लोगों की मौत हुई और सात लोगों को जेल हुई।
- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 28 वर्षीय निक्की भाटी को जिंदा जलाकर उसकी हत्या कर दी गई। 21 अगस्त 2025 को हुई इस वारदात ने लोगों को हैरान कर दिया।
- भोपाल की 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की मौत का मामला सामने आया। इसमें ट्विशा के पति समर्थ सिंह के साथ सास और रिटायर्ड जज पर उसे प्रताड़ित करने के आरोप लगे हैं।
- ग्रेटर नोएडा की रहने वाली दीपिका नागर भी दहेज लोभियों की हैवानियत का शिकार हो गई। 17 मई की रात मकान की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरी दीपिका नागर की मौत हो गई।
- कर्नाटक के बल्लारी जिले में दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न से जुड़ा एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। 24 वर्षीय ऐश्वर्या नाम की महिला ने पति और सास की दी गई लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
- ग्वालियर की सुरैयापुरा में इंटरनेट मीडिया इंफ्लुएंसर पलक रजक की संदिग्ध मौत का मामला भी सामने आया। जहां ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया, वहीं मायका पक्ष ने इसे हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए।
- हाल ही में लखनऊ की 29 वर्षीय सोनी राजपूत की मौत का मामला सामने आया है। परिवारजन ने पति समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है।
भारत में दहेज से होने वाली मौतें
NCRB की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में 2024 में दहेज से कुल 5,737 मौतें दर्ज की गईं, जिसका मतलब है कि राष्ट्रीय स्तर पर दहेज से होने वाली मौतों की दर प्रति एक लाख महिला आबादी पर 0.8 मामले है।