नाम परिवर्तन हेतु गजट नोटिफिकेशन के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा राजनांदगांव, सेवा सेतु केंद्र से हो जाएगी प्रक्रिया
पंचायत स्तर पर उपलब्ध हुई विवाह प्रमाण-पत्र सेवा
सेवा सेतु से एक ही मंच पर सेवाओं के मिलने से नागरिकों को होगी बड़ी सहूलियत
छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और जनसुलभ बनाने की दिशा में लोक सेवा केन्द्रों का उन्नयन ष्सेतु केन्द्रष् के रूप में किया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत अब आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन संबंधी राजपत्र अधिसूचना तथा भू-नकल सहित 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिले में सेवा सेतु केन्द्रों का विस्तार
वर्तमान में जिले के सभी 08 तहसील कार्यालयों में सेवा सेतु केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त जिले के 332 सेवा सेतु केन्द्रों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ मिल रहा हैं। इससे दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों के नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा।
सेवा सेतु, जनता के द्वार, डिजिटल सरकार
सेवा सेतु के माध्यम से शासन की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का लाभ नागरिकों तक सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से पहुंच रहा है। सभी सेवाओं के लिए निर्धारित समय-सीमा तय की गई है, जिससे आम नागरिकों को तय अवधि के भीतर सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
एक ही प्लेटफॉर्म पर सेवाओं के संचालन से नागरिकों को अनेक लाभ प्राप्त हो रहे हैं। अलग-अलग विभागों और पोर्टलों पर निर्भरता कम हुई है तथा एक ही स्थान पर सेवाओं की उपलब्धता से समय, श्रम और आर्थिक संसाधनों की बचत हो रही है। इससे सेवाओं की पहुंच बढ़ने के साथ प्रशासनिक प्रक्रिया अधिक सरल, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनी है।
सेवा सेतु के माध्यम से आय प्रमाण-पत्र, मूल निवास, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन अधिसूचना तथा भू-नकल संबंधी सेवाओं का भी व्यापक स्तर पर उपयोग किया जा रहा है।