जेपी नड्डा ने मेडिकल दाखिला प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई…

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बुधवार को मेडिकल में दाखिले से जुड़ी नीट-यूजी काउंसलिंग 2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पारदर्शी, निष्पक्ष और मेरिट आधारित दाखिला प्रक्रिया सुनिश्चित करें और साथ ही छात्रों की चिंताओं को दूर करने के लिए सक्रिय कदम उठाएं।

नड्डा ने मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) के दायरे में आने वाली ऑल इंडिया कोटा (एआईक्यू) और अन्य सीटों की काउंसलिंग को लेकर एमसीसी की तैयारियों का जायजा लिया।

उन्होंने छात्रों के लिए एक सहज अनुभव की आवश्यकता पर जोर दिया और अधिकारियों को मजबूत तकनीकी सहायता बनाए रखने व शिकायतों के तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने प्रवेश प्रक्रिया के दौरान काउंसलिंग पोर्टल के सुचारू रूप से संचालन को भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार, समीक्षा बैठक के दौरान नड्डा ने काउंसलिंग शेड्यूल, आइटी इन्फ्रास्ट्रक्चर, साइबर सुरक्षा की तैयारी, शिकायत निवारण तंत्र, उम्मीदवारों की सुविधा के उपाय और संस्थानों के साथ समन्वय का जायजा लिया।

जबकि अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि नीट-यूजी काउंसलिंग 2026 में टेक्नोलाजी आधारित और छात्रों पर केंद्रित कई सुधार किए जा रहे हैं।

इनका उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना और प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाना है। बता दें कि एनटीए ने 16 जुलाई को नीट-यूजी 2026 के नतीजे घोषित किए थे।

एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग में आल इंडिया कोटा सीटों के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *