बीजापुर : सुशासन तिहार के आवेदनों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश…

कलेक्टर श्री विश्वदीप ने समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की ली विस्तृत समीक्षा

कलेक्टर श्री विश्वदीप ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित समाधान शिविरों में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जिला स्तर पर निराकृत किए जा सकने वाले प्रकरणों का तत्काल समाधान किया जाए तथा राज्य स्तर से संबंधित प्रकरणों को बिना विलंब प्रेषित करते हुए आवेदकों को उनके आवेदन की वर्तमान स्थिति और निराकरण की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में जिला विपणन अधिकारी से धान उठाव की स्थिति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने मिलर्स से समन्वय स्थापित कर शत-प्रतिशत धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं राजस्व अधिकारियों को लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण करते हुए समय-सीमा के बाहर एक भी प्रकरण लंबित नहीं रखने के सख्त निर्देश दिए गए।

नगरीय निकायों को प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नए हितग्राहियों का चयन कर शीघ्र डीपीआर भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं कैंपेनिंग के माध्यम से अधिकाधिक हितग्राहियों का चयन कर लक्ष्य पूर्ण करने हेतु सीईओ जनपद पंचायत एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देशित किया गया।

कलेक्टर ने श्रम विभाग की महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को शत-प्रतिशत छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए आदिवासी विकास विभाग, श्रम विभाग एवं शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय के साथ गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में श्रम पदाधिकारी ने जानकारी दी कि श्रम विभाग अंतर्गत कक्षा पहली से बारहवीं तक अध्ययनरत छात्रों को एक हजार से दस हजार रुपए तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।

इसके अलावा बैठक में एग्रीस्टेक के तहत शत-प्रतिशत पंजीयन, शाला त्यागी विद्यार्थियों का पुनः प्रवेश, अंदरूनी क्षेत्रों में टीकाकरण एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, खाद-बीज भंडारण एवं वितरण, सिकलसेल स्क्रीनिंग तथा बस्तर मुन्ने कार्यक्रम सहित विभिन्न एजेंडों पर विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेंद्र अग्रवाल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *