तकनीकी खराबी के बाद 2.5 घंटे आसमान में मंडराता रहा इंडिगो विमान, त्रिची एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग; 127 यात्री बचाए गए…

इंडिगो एयरलाइंस की एक और उड़ान में आई तकनीकी खराबी के चलते यात्रियों की सांसें अटक गईं। शुक्रवार (21 अगस्त) शाम त्रिची से सिंगापुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हवा में अचानक तकनीकी समस्या आ गई।

127 यात्रियों को लेकर उड़ रहे इस विमान को आपात स्थिति में वापस त्रिची इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। हालांकि, लैंडिंग से पहले विमान करीब ढाई घंटे तक आसमान में चक्कर काटता रहा।

उड़ान के बाद आई गड़बड़ी

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6.40 बजे विमान ने त्रिची एयरपोर्ट से उड़ान भरी। उड़ान भरने के साथ ही पायलटों को विमान में गड़बड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत त्रिची एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया।

सुरक्षा नियमों के मुताबिक, किसी भी विमान को इमरजेंसी लेंडिंग से पहले उसका वजन और मौजूद अतिरिक्त ईंधन कम करना बेहद जरूरी होता है। इसी वजह से पायलटों ने हवा में ही गोल-गोल चक्कर लगाकर ईंधन का वजन घटाया, ताकि सुरक्षित लैंडिंग कराई जा सके।

त्रिची एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग

त्रिची एयरपोर्ट के डायरेक्टर गोपालकृष्णन ने बताया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान एयरपोर्ट अधिकारी और एटीसी लगातार पायलटों के संपर्क में थे। जमीन पर आपातकालीन सेवाओं और सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए जाने के बाद, रात लगभग 9 बजे विमान की त्रिची एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

लैंडिंग के बाद प्रभावित यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए तुरंत एक दूसरे वैकल्पिक विमान का इंतजाम किया गया।

इंडिगो फ्लाइट में लगातार दूसरे दिन खराबी

हालांकि, इंडिगो की तरफ से यह नहीं बताया गया है कि खराबी किस तरह की थी, लेकिन हाल के दिनों में इंडिगो की फ्लाइट में इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे ठीक एक दिन पहले, गुरुवार (20 अगस्त) को दिल्ली से मंगलुरु जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में भी रनवे पर टैक्सींग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *