कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस का संगठन मजबूत है, लेकिन कार्यकर्ताओं और नेताओं को ग्राउंड पर जाकर ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है। साल 2029 हमारे लिए करो या मरो की लड़ाई है। हरियाणा में पिछले तीन प्लान से चुनाव हार रहे हैं, इसका कोई तो कारण है, कहीं न कहीं हमारी कमी रही है।
साल 2029 में चुनाव नहीं जीते तो जिस तरह कांग्रेस के यूपी, बिहार और पश्चिमी बंगाल निकल गए, उसी तरह हरियाणा भी कांग्रेस के हाथ से निकल जाएगा। नेता और कार्यकर्ता टिकट की लड़ाई को छोड़कर बूथ लेवल तक काम करें, सत्ता आपके कदमों में होगी। प्रदेश प्रभारी और प्रदेशाध्यक्ष ने ढांड रोड के वृंदावन पैलेस में संगठन सृजन अभियान के कार्यकर्ताओं और नेताओं से विधान वार चर्चा की।
पिछले 35 साल से कांग्रेस पूंडरी में विधायक नहीं बना सकी, यहां पर लगातार काम करने की जरूरत है।
विकास बोले- दो तरह की कांग्रेस खड़ी हो गई
विकास सहारन ने कहा कि कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर को बनाने में उन्होंने साथ दिया था। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि वे संगठन में सहयोग कर सकते हैं तो क्या किसी पदाधिकारी को बनाने के लिए उन्हें किसी बड़े राजनीतिक घराने से अनुमति लेनी पड़ेगी।
उन्होंने कहा आज दो प्रकार की कांग्रेस खड़ी हो गई है। एक कांग्रेस जमीन पर है और दूसरी हवा में है, जिसके पल्ले कुछ नहीं है। विकास सहारन ने कहा कि वे मेहनत करके आगे बढ़े हैं और किसी के दबाव में रुकने वाले नहीं हैं, कुछ राजघरानों को हमसे दिक्कत है।
कांग्रेस में कोई राजघराना नहीं: राव नरेंद्र
दोनों विधायकों के बीच सामने आए विरोधाभास पर प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि दोनों परिवार कांग्रेस से जुड़े हुए हैं और दोनों की अपनी-अपनी विधानसभा सीटें हैं। दोनों के पिता सांसद रहे हैं और दोनों कांग्रेस के विधायक व नेता हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस में कोई राजघराना नहीं होता।
विधायक आदित्य सुरजेवाला बोले- कुछ साथी कांग्रेस का बेड़ा गर्क करने की कोशिश कर रहे
सबसे आखिर में कलायत विधानसभा के नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद हुआ। एक दलित नेता ने कहा कि कलायत में एससी समाज के कार्यकर्ताओं को उचित मान-सम्मान नहीं मिल रहा। इस पर कार्यकर्ताओं की आपस में बहस हो गई।
इसी दौरान कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने माइक लेकर बोलना शुरू किया। उन्होंने कहा कि कुछ साथी ऐसे हैं, जो कांग्रेस का बेड़ा गर्क करने की कोशिश करते हैं। आदित्य सुरजेवाला के यह कहने के दौरान उनके सामने बैठे कलायत विधायक विकास सहारन मुस्कुराते रहे। इसके बाद आदित्य सुरजेवाला वहां से चले गए।