मुंबई के पवई इलाके में एक एयर होस्टेस के साथ यौन उत्पीड़न की घटना सामने आई है।
आरोपी अनिल शिंदे ने ट्रांसजेंडर का भेष धरकर नजर उतारने के बहाने पीड़िता के फ्लैट में प्रवेश किया और उसके साथ जबरन अश्लील हरकतें कीं। हालांकि महिला के चिल्लाने पर वह डरकर भाग गया।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घटना मंगलवार दोपहर 12:20 से 12:50 के बीच हुई। शिंदे ट्रांसजेंडर का रूप धारण कर बिल्डिंग में घुसा और सिक्योरिटी गार्ड का विश्वास हासिल कर तीसरी मंजिल पर पहुंच गया। उसने कई फ्लैटों पर दस्तक दी।
पीड़िता का पति अस्पताल में भर्ती था। आरोपी ने परिवार पर पड़ी नजर उतारने का दावा कर फ्लैट में प्रवेश पा लिया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उस पर पानी छिड़का, सिर पर हाथ रखा और बेडरूम में ले जाकर आंखें बंद करने और बिस्तर पर लेटने को कहा। इसके बाद उसने यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता के चीखने पर आरोपी 200 रुपये लेकर भाग गया।
रात करीब 11 बजे पीड़िता सदमे की हालत में पुलिस स्टेशन पहुंची। महिला पुलिस अधिकारी ने उससे बातचीत कर पूरी घटना का पता लगाया। पवई पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी का पता लगाया। चार घंटे के अंदर कलवा की झुग्गी बस्ती से शिंदे को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दुष्कर्म, आपराधिक धमकी और काला जादू संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी ने दावा किया कि उसका परिवार भीख मांगने के लिए ट्रांसजेंडर का भेष धरता है। पुलिस जांच कर रही है कि उसने पहले भी ऐसे अपराध किए हैं या नहीं।
वहीं पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अजनबियों को फ्लैट में प्रवेश न दें और उनकी पहचान तथा मकसद की जांच जरूर करें।