इजरायल-ईरान तनाव का असर, इराक और सीरिया ने बंद किया हवाई क्षेत्र…

लेबनान पर हालिया हमले के जवाब में इजरायल पर कई मिसाइलें दागने के बाद ईरान ने देश के पश्चिमी हिस्से के ऊपर का एयरस्पेस बंद कर दिया है।

ईरान की न्यूज एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, नेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन के प्रवक्ता माजिद अखवन ने कहा कि सुरक्षा और बचाव संबंधी आकलन के कारण… देश के पश्चिमी हिस्से के हवाई क्षेत्र को अगली सूचना तक बंद घोषित कर दिया गया है।

रोक दी गईं उड़ानें

इराकी सिविल एविएशन अथॉरिटी ने घोषणा की है कि देश का एयरस्पेस अगले 72 घंटों तक बंद रहेगा। वहीं, सीरिया ने 12 घंटों के लिए अपना दक्षिणी एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और दमिश्क एयरपोर्ट पर उड़ानें रोक दी हैं। यह घटना सोमवार को ईरान द्वारा इजरायल पर मिसाइलें दागने के बाद हुई है। 8 अप्रैल को हुए संघर्ष-विराम के बाद यह ईरान का पहला मिसाइल हमला था।

इजरायल ने क्या कहा?

इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने कहा, “ईरान से इजरायल की ओर दागी गई मिसाइलों का पता चलने के बाद देश के कई इलाकों में सायरन बजाए गए। आईडीएफ ने ईरान से इजरायल की ओर दागी गई मिसाइलों की पहचान की है। इस खतरे को रोकने के लिए डिफेंस सिस्टम काम कर रहे हैं।”

यूरो न्यूज के अनुसार, इस हमले में अब तक किसी के हताहत होने या किसी नुकसान की खबर नहीं है। इजरायली वायु सेना ने पुष्टि की कि ईरान से इजरायल की ओर मिसाइलें दागी गईं। रक्षा प्रणालियों ने सक्रिय रूप से इस खतरे को रोका और होम फ्रंट कमांड ने जनता के लिए सुरक्षा निर्देश जारी किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *