डीयू के अंतर्गत आने वाले श्री वेंकटेश्वर कालेज ने स्नातक छात्रों में शोध संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री वेंकटेश्वर इंटर्नशिप प्रोग्राम इन रिसर्च एंड एकेडमिक्स के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह पाठ्यक्रम कालेज के आइक्यूएसी की पहल है, जिसके तहत छात्रों को विभिन्न शोध परियोजनाओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
कॉलेज की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इस वर्ष कुल 42 शोध परियोजनाएं उपलब्ध हैं और इनमें सभी विषयों के छात्र आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 18 जून 2026 निर्धारित की गई है, जबकि चयनित छात्रों की सूची 27 जून 2026 को जारी की जाएगी।
पाठ्यक्रम को दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पहली श्रेणी में तीन माह की शोध परियोजनाएं होंगी। यह 1 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक चलेंगी। दूसरी श्रेणी में छह माह की माइनर रिसर्च परियोजनाएं शामिल हैं, जो 1 जुलाई से 30 दिसंबर 2026 तक संचालित होंगी। दोनों पाठ्यक्रम आनलाइन, आफलाइन या ब्लेंडेड मोड में आयोजित किए जा सकते हैं।
प्रत्येक परियोजना में अधिकतम 10 छात्रों को शामिल किया जाएगा। चयन की प्रक्रिया संबंधित फैकल्टी मेंटर द्वारा तय की जाएगी। छात्रों को डेटा संग्रह, साहित्य समीक्षा, फील्ड वर्क तथा प्रयोगशाला आधारित शोध कार्यों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। सफलतापूर्वक परियोजना पूरी करने वाले छात्रों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। छह माह की परियोजनाओं में शोध संबंधी खर्चों के लिए अनुदान उपलब्ध रहेगा, हालांकि छात्रों को कोई स्टाइपेंड नहीं दिया जाएगा।
कॉलेज प्रशासन का मानना है कि यह पहल छात्रों को शोध के व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने और उच्च शिक्षा में अनुसंधान की दिशा में प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।