डेल्टा एयरलाइंस के विमान में हाई वोल्टेज ड्रामा: गुस्साए यात्री ने इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की, बाहर निकाला गया…

डेल्टा एयरलाइंस की एक फ्लाइट में अचानक किए गए एक यात्री की हरकत के कारण उड़ाने में रुकावट आ गई। NBC शिकागो के अनुसार, विमान अटलांटा से शिकागो के O’Hare इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए रवाना होने की तैयारी कर रही थी। इसी बीच एक यात्री ने टैक्सी-वे पर चलते समय केबिन का दरवाजा खोलने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि, यह स्थिति तब पैदा हुई जब उड़ान भरने के लिए पहले से ही लंबे इंतजार के बाद, एक और देरी की घोषणा की गई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे किसी यात्री ने ही बनाया था। इस वीडियो क्लिप में दिखाया गया है कि, केबिन के अंदर यह स्थिति कैसे बिगड़ी।

नाराजगी जाहिर करने के लिए की ऐसी हरकत

रिपोर्ट्स के अनुसार, यात्री ने अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए केबिन के अंदर ऐसी हरकत की। Reddit सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चल रहे वीडियो में उस व्यक्ति को अपने फोन पर जोर-जोर से बात करते हुए और देरी की अवधि पर सवाल उठाते हुए देखा जा सकता है। आस-पास बैठे अन्य यात्री उसे देखते हुए नजर आ रहे हैं।

दरवाजा थोड़ा सा हिला लेकिन कोई बड़ी समस्या नहीं हुई

इस दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब उस व्यक्ति ने विमान के दरवाजे की ओर जाकर उसे खोलने की कोशिश की। अधिकारियों की माने तो दरवाजा थोड़ा सा हिला था, हालांकि कोई भी आपातकालीन सिस्टम चालू नहीं हुआ और किसी को कोई चोट नहीं आई। क्रू सदस्यों ने तुरंत हस्तक्षेप किया, सुरक्षा के मानक नियमों का पालन करते हुए स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।

एहतियात के तौर पर, पायलटों ने विमान को रोक दिया और उसे वापस गेट पर ले आए। टर्मिनल पर वापस पहुंचने के बाद, उस यात्री को फ्लाइट से उतार दिया गया।

बाद में उसी शाम विमान की जांच की गई और उसके बाद ही उसे अपनी आगे की यात्रा जारी रखने की अनुमति दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *