रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। भाइयों को राखी बांधने वाली महिलाओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए 26 से 31 अगस्त तक परिवहन निगम रोडवेज बसों के करीब 250 फेरे बढ़ाएगा। इसके लिए निगम ने योजना तैयार कर ली है।
हर वर्ष रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों से लाखों महिलाएं सफर करती हैं। महिलाओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए अतिरिक्त बसों के संचालन का दावा भी किया जाता है। इसके बाद भी महिलाओं को अपने घर जाने में परेशानी झेलनी पड़ती है।
महिलाओं को बसों में खड़े होकर सफर करना पड़ता है। कई बार सीट नहीं मिलने से मजबूरन निजी बसों में सफर करना पड़ता है। परिवहन निगम के अधिकारियों का दावा है कि इस बार पहले से तैयारियां कर ली गई है।
सभी शहरों के लिए संचालित बसों के चक्कर बढ़ाए जाएंगे। इसके लिए कौशांबी, लोनी, साहिबाबाद, हापुड़, खुर्जा, बुलंदशहर व सिकंदराबाद डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। जो बसें खराब हैं उन्हें भी जल्द ठीक कराने के लिए कहा गया है।
चालक-परिचालकों को मिलेगी 200 रुपये प्रोत्साहन राशि
26 से 31 अगस्त तक रोजाना बस का संचालन करने और 1800 किलोमीटर बस संचालित करने वाले हर चालक-परिचालक को 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं, टेक्निकल स्टाप क इस अवधि के दौरान रोजाना उपस्थित होने पर एकमुश्त 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
निश्शुल्क यात्रा का नहीं आया आदेश
हर वर्ष महिलाएं रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में निश्शुल्क यात्रा करती हैं। इस बार अभी आदेश जारी नहीं हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि रक्षाबंधन से दो या तीन दिन पहले शासन का आदेश प्राप्त होगा। उसके बाद सभी डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों आदेश जारी किया जाएगा।
किस डिपो की कितनी बसें की गई हैं आरक्षित
रूट कुल बसें
- साहिबाबाद 45
- कौशांबी 45
- खुर्जा 30
- बुलंदशहर 30
- सिकंदराबाद 30
- हापुड़ 30
- लोनी 35