अल्लापुर (भरद्वाजपुरम)में माफिया विजय मिश्र को लीज पर दी गई जमीन को प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) वापस लेगा। इस जमीन पर अब पांच मंजिला भवन बनाएगा। पीडीए की ओर से भवन का डिजाइन भी तैयार कर लिया गया है। प्रस्तावित भवन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी।
विजय मिश्र ने पीडीए से लीज पर ली थी जमीन
इस जमीन को उपयोगी बनाकर युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की योजना है। 500 वर्ग गज जमीन को पीडीए ने कई वर्ष पूर्व लीज पर दी थी। इस जमीन को पीडीए वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दिया है। जमीन पर बनाए गए भवन को कुछ वर्ष पहले पीडीए की ओर से जमीदोज भी किया जा चुका है।
अल्लापुर में माफिया के कब्जे से कराया गया था मुक्त
पीडीए के अनुसार अल्लापुर में पुलिस चौकी के पास करीब 500 वर्गगज जमीन को माफिया के कब्जे से मुक्त कराया गया था। इस जमीन पर बहुमंजिला भवन बनाने की योजना तैयार की गई है। पांच मंजिल के भवन में अलग-अलग तल पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां बैंकिंग, रेलवे, सिविल सेवा समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए अध्ययन की व्यवस्था होगी।
प्रतियोगियों को 200-300 रुपये प्रतिमाह शुल्क देना होगा
डिजिटल लाइब्रेरी में एक साथ 500 से 700 प्रतियोगी छात्र पढ़ाई कर सकेंगे। 200 से 300 रुपये प्रतिमाह का शुल्क तैयारी करने वालों से लिए जाने का विचार किया जा रहा है। पार्किंग का भी प्रबंध किया जाएगा।
एक ही स्थान पर अध्ययन की बेहतर सुविधा मिलेगी
डिजिटल लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को पारंपरिक पुस्तकों के साथ डिजिटल माध्यम से अध्ययन की सुविधा भी उपलब्ध कराने की तैयारी है। प्रतियोगी परीक्षाओं की बदलती जरूरतों को देखते हुए कंप्यूटर, इंटरनेट और आनलाइन अध्ययन सामग्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। इससे शहर में प्रतियोगी छात्रों को एक ही स्थान पर अध्ययन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
पीडीए ने भवन का डिजाइन तैयार किया
पीडीए ने भवन के निर्माण को लेकर प्रारंभिक डिजाइन तैयार कर लिया है। प्रस्तावित भवन में किस तल पर कौन सी सुविधा विकसित की जाएगी, इसका खाका भी तैयार किया जा रहा है। पीडीए के जोनल अधिकारी सूरज पटेल का कहना है कि निर्माण संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
माफिया से मुक्त संपत्ति का बेहतर इस्तेमाल
माफिया से मुक्त कराई गई संपत्तियों के बेहतर इस्तेमाल की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिस जमीन का इस्तेमाल पहले अवैध गतिविधियों के लिए किया जाता था, वहां अब विद्यार्थियों के लिए अध्ययन केंद्र विकसित होने से युवाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। पीडीए की योजना पूरी होने पर अल्लापुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा मिल सकेगी।