उत्तराखंड में वनाग्नि का कहर, उत्तरकाशी के बाड़ाहाट और मुखेम रेंज के जंगलों में भड़की भीषण आग…

उत्तरकाशी वन प्रभाग के जंगलों में वनाग्नि घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। शनिवार को डुंडा रेंज के बड़ेथी व खरवां गांव से लगे जंगलों में आग भड़की थी, दूसरे दिन यह आग बाड़ाहाट रेंज क्षेत्रांतर्गत तक पहुंच गई।

इधर, दोपहर बाद मनेरा बाईपास रोड से लगे पोखरी गांव के जंगलों में भी आग फैली, जिससे बाईपास रोड पर भी वाहनों के आवागमन में खतरा बना रहा।

बता दें कि उत्तरकाशी वन प्रभाग में शीतकालीन वर्षा में कमी के चलते फायर सीजन शुरू होने से पहले ही जंगलों में आग लगने की घटनाएं शुरु हो गई थी, जिसमें अप्रैल के अंतिम सप्ताह में कुछ दिनों तक वर्षा के चलते ब्रेक लगा। लेकिन अब मौसम गर्माने के साथ फिर से जंगलों में आग की घटनाएं बढ़ने लगी है।

चार दिन पहले गुरुवार को बाड़ाहाट रेंज के बसुंगा, मैणागाड व गोफियारा क्षेत्र में आग भड़की, जिसे वन विभाग सहित फायर सर्विस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व क्यूआरटी की संयुक्त टीम ने किसी तरह काबू किया। बीते शनिवार को डुंडा रेंज के बड़ेथी व खरवां गांव से लगे जंगलों में भीषण आग लगी, जिसे काबू करने का रेंज के वन कर्मियों ने प्रयास किया।

हालांकि बड़ेथी की तरह से इस पर काबू कर लिया गया। रविवार को दूसरे दिन यह आग बाड़ाहाट रेंज अंतर्गत सिविल वन क्षेत्र में पहुंच गई, जिस पर कवां क्रू स्टेशन की टीम काबू पाने में जुटी हुई थी। इधर, दोपहर बाद मुखेम रेंज के मनेरा बाईपास से लगे पोखरी गांव के जंगलों में भीषण आग लग गई है।

इससे बाईपास मार्ग पर वनाग्नि की चलते पत्थर व चीड़ के जलते फूल व पेड़ करने का भी खतरा बना रहा। एक आवासीय भवन भी आग की चपेट में आने से बचा। वहीं, जिला मुख्यालय के आसपास ही लगातार होती घटनाओं से अमूल्य वन संपदा के साथ वन्यजीवों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *