21 जून को होने वाली NEET-UG परीक्षा की फुलप्रूफ तैयारी, शिक्षा मंत्रालय से PMO तक रखी जा रही पैनी नजर…

मेडिकल के स्नातक कोर्सों में दाखिले से जुड़ी परीक्षा नीट-यूजी की 21 जून को दोबारा होने वाली परीक्षा को फुलप्रूफ तरीके से कराने के लिए केंद्र सरकार ने जहां अपने सभी मंत्रालयों और विभागों को सतर्क किया है, वहीं पीएमओ भी अब परीक्षा से जुड़ी तैयारियों पर पैनी नजर रखेगा।

नीट- यूजी की तैयारियों को लेकर गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अगुवाई में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई है, जिसमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित पीएमओ व शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। इस दौरान एनटीए के महानिदेशक ने तैयारियों का पूरा ब्यौरा भी दिया।

स्टूडेंट्स के लिए तैयारी 

नीट-यूजी को लेकर बुलाई गई इस उच्चस्तरीय बैठक में परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखा गया। साथ ही तेज गर्मी को देखते हुए छात्रों को परीक्षा के दौरान परिवहन, पेजयल सहित अन्य दूसरी सुविधाएं मुहैया कराने को भी कहा गया है, जिससे छात्र बगैर किसी परेशानी के परीक्षा में हिस्सा ले सकें।

सूत्रों के मुताबिक बैठक में मौजूद रहे पीएमओ के अधिकारियों ने परीक्षा से जुड़ी तैयारियों को बारीकी से समझा। इनमें प्रश्न तैयार करने से लेकर उसे छापने व परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया को भी समझा। यह बैठक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर हुई थी।

पेपर लीक के बाद रद हुई थी परीक्षा 

सूत्रों का दावा है कि पीएम के निर्देश पर ही यह बैठक रखी गई है। गौरतलब है कि इससे पहले तीन मई को आयोजित हुई नीट-यूजी को पेपर लीक होने के चलते रद कर दिया गया था।

साथ ही पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। इस मामले में सीबीआई अब तक करीब दस लोगों को गिरफ्तार भी कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *