वाशिंग मशीन में शॉर्ट सर्किट से लगी आग सिलेंडर तक पहुंची, पॉश अपार्टमेंट में बड़ा हादसा टला; जानें कैसे बची स्थिति…

सिविल लाइंस क्षेत्र के इंपीरियल ग्रीन्स अपार्टमेंट फ्लैट नंबर 402 में वाशिंग मशीन से हुए शार्ट सर्किट से आग लग गई।

आग बालकनी में रखे गैस सिलिंडर तक पहुंच गई। इससे पूरे अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई। सोसायटी के कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर दमकल कर्मी पहुंच गए।

दमकल कर्मियों ने करीब आधा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग लगने से सिलिंडर नहीं फटा, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

इंपीरियल ग्रीन्स अपार्टमेंट टावर एक में फ्लैट नंबर 402 राहुल शंखधार का है। उन्होंने करीब एक साल पहले अपना फ्लैट अंकित सिंह को किराये पर दे दिया।

अंकित सिंह अपने परिवार के साथ फ्लैट में रहते हैं। वह कांठ क्षेत्र के गांव पैगंबरपुर कंपोजिट विद्यालय में सहायक अध्यापक पद पर तैनात हैं। बुधवार को सुबह वह अपने विद्यालय में चले गए। जबकि उनकी पत्नी वाशिंग मशीन चलाकर कही चली गई। मशीन चलती रह गई।

इसी बीच दोपहर करीब एक बजे वाशिंग मशीन में शार्ट सर्किट से बालकनी में आग लग गई। फ्लैट से धुआं उठता देख अपार्टमेंट के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने-अपने घरों से निकलकर बाहर आ गए। इसके बाद सोसायटी के कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए, लेकिन जब तक आग बालकनी में रखे गैस सिलिंडर तक पहुंच गई।

सूचना मिलने पर सीएफओ आरके पांडेय व फायर स्टेशन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। बताया गया कि फायर सर्विस टीम ने सोसायटी में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आग फ्लैट की वाशिंग मशीन से शार्ट सर्किट से आग लगी थी। इसके बाद सिलिंडर तक आग पहुंच गई थी। आग पर जल्द ही काबू कर लिया था।

अभी तक की जांच में सामने आया है कि शिक्षक अपनी वाशिंग मशीन को चला छोड़कर चले गए थे। वाशिंग मशीन में शार्ट सर्किट होने से बालकनी में आग लग गई थी। सूचना के बाद पहुंचकर आग पर काबू पाया।

– आरके पांडेय, मुख्य अग्निशमन अधिकारी

आग कैसे लगी है इसका कारण तो स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन जैसे ही आग लगी तो सोसायटी के सभी कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए थे। आग को समय रहते काबू कर लिया गया था।

– डीके मल्होत्रा, इंचार्ज सोसायटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *