वर्षों पुराना सपना हुआ साकार
राज्य शासन की जनोन्मुखी पहल सुशासन तिहार अब ग्रामीण अंचलों में भरोसे और समाधान का पर्याय बनते जा रहा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के विकासखंड मरवाही के ग्राम पंचायत सेमरदर्री में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक किसान की वर्षों पुरानी समस्या का मौके पर ही समाधान कर प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण प्रस्तुत किया। ग्राम पंचायत नाका निवासी किसान भवन सिंह लंबे समय से अपनी किसान किताब बनवाने के लिए प्रयासरत थे। विभिन्न स्तरों पर प्रयास करने के बावजूद उनका कार्य पूर्ण नहीं हो पा रहा था।
एक मई को सेमरदर्री में आयोजित सुशासन तिहार की जानकारी मिलते ही भवन सिंह ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्या दर्ज कराई। आवेदन को प्राथमिकता में लेते हुए राजस्व विभाग द्वारा तत्काल जांच एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण की गईं। तत्पश्चात, शिविर स्थल पर ही उन्हें किसान किताब प्रदान कर दी गई।
किसान किताब मिलने भवन सिंह की खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि अब उन्हें अपने कृषि कार्यों में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने राज्य शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी और भरोसेमंद साबित हो रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार 2026 का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। ग्राम स्तर पर आयोजित इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन सीधे नागरिकों से संवाद स्थापित कर रहा है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही को भी मजबूती मिल रही है।