मुंगेली : कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा में किसानों को मिली आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी…

कीट-रोग प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन

कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार कृषि विज्ञान केन्द्र चमारी ढकेलकापा में एक्सटेंशन रिफॉर्म्स (एक्स.रि.) आत्मा योजनांतर्गत कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। प्रोजेक्ट डायरेक्टर आत्मा सह उप संचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर ने बताया कि किसानों को वैज्ञानिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी देते हुए बेहतर उत्पादन और टिकाऊ खेती के लिए प्रेरित किया गया।

कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रभारी कार्यक्रम समन्वयक डॉ. एस.के. लहरे ने किसानों को कृषि कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के अनावश्यक प्रयोग को कम करने तथा संतुलित एवं वैज्ञानिक तरीके से खाद के उपयोग की सलाह दी। साथ ही किसानों द्वारा पूछे गए कृषि संबंधी प्रश्नों का समाधान करते हुए खरीफ फसलों एवं धान में होने वाले प्रमुख कीट एवं रोगों के लक्षणों की पहचान, रोकथाम एवं प्रबंधन के उपाय बताए।

   विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. प्रमीला जोगी ने सब्जी उत्पादन, फलदार पौधों की रोपाई, नर्सरी तैयार करने, बीजोपचार तथा समन्वित कृषि प्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को सुनियोजित कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। इसी क्रम में विषय वस्तु विशेषज्ञ श्रीमती नेहा लहरे ने दलहन एवं तिलहन फसलों की उन्नत खेती के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर होने की सलाह देते हुए मशरूम उत्पादन एवं प्रोसेसिंग से जुड़ी संभावनाओं और तकनीकों की भी जानकारी प्रदान की। आत्मा योजना की डिप्टी पीडी श्रीमती निवेदिता गवेल एवं बी.टी.एम. श्री चेतन दास कुर्रे ने फसलों के लिए आवश्यक पोषक तत्वों, उनके उचित प्रबंधन तथा उर्वरकों के संतुलित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने आत्मा योजना के तहत संचालित गतिविधियों एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया।

    इस दौरान जिले के एक प्रगतिशील कृषक ने तिलहनी फसलों की खेती में अपने अनुभव साझा किए, जिससे अन्य किसानों को भी नवीन कृषि पद्धतियों को अपनाने की प्रेरणा मिली। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा में कृषि विभाग के अधिकारी, कृषि विज्ञान केन्द्र के विशेषज्ञ, एक्स.रि. आत्मा योजनांतर्गत कार्यरत कृषक मित्र एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *