उत्तर बस्तर कांकेर : सेवा संकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने ली अधिकारियों की बैठक…

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जिलेभर में आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां

जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर श्री कुमार ने शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों की सहभागिता से स्कूलों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने, महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी केन्द्रों में मातृत्व एवं बाल कल्याण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करने तथा जल संसाधन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जल संरक्षण एवं जल स्रोतों की स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार नगरीय निकायों एवं पंचायत विभाग को स्वच्छता एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने, राजस्व एवं संबंधित विभागों को शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने कहा गया। जनसंपर्क विभाग को शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की प्रेरक ‘कहानी बदलाव की’ को प्रभावी रूप से सामने लाने तथा अभियान की गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियों को जनभागीदारी एवं नागरिक सहभागिता के माध्यम से सफल बनाने, कार्यक्रमों की पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक गतिविधि का फोटो-वीडियो अभिलेखीकरण कर नियमित प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *