शुभेंदु के जनता दरबार में पहुंचे पद्मश्री पूर्ण दास, TMC नेता पर लगाया जमीन कब्जाने का आरोप…

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के जनता दरबार में बुधवार को 100 से अधिक लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें प्रख्यात बाउल गायक और पद्मश्री से सम्मानित पूर्ण दास बाउल भी शामिल रहे।

साल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में पहुंचकर उन्होंने बीरभूम जिले के इलमबाजार में अपनी कृषि भूमि पर प्रभावशाली लोगों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत की। गायक के बेटे ने जमीन कब्जाने वाले के रूप में तृणमूल कांग्रेस के बाहुबली नेता अनुब्रत मंडल का नाम लिया।

पूर्ण दास अपने बेटे के साथ पहुंचे थे। बताया कि 2020 में कोरोना संक्रमण के दौरान लागू लाकडाउन के समय से ही इलमबाजार स्थित उनकी कृषि भूमि पर कब्जा है और अब तक उन्हें जमीन वापस नहीं मिली है। पूर्ण दास ने जमीन पर कब्जा करने वाले व्यक्ति का नाम खुद नहीं लिया।

उनके बेटे ने उसकी पहचान ‘केस्तो मंडल’ के रूप में करते हुए आरोप लगाया कि कुछ ‘शेख’ नाम के लोग भी इसमें शामिल थे। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनका इशारा तृणमूल कांग्रेस के बीरभूम के पूर्व जिला अध्यक्ष अनुब्रत मंडल की ओर है तो बेटे ने इसकी पुष्टि की।

जनता दरबार में नदिया जिले के निवासी सोमना मालो भी पहुंचे। 2002 के दक्षिण कोरिया पैरालंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतने वाले मालो अपने पदक के साथ कार्यक्रम में पहुंचे थे।

मालो 2016 के एसएससी भर्ती मामले में नौकरी गंवाने वाले करीब 26,000 शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों में शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि पिछली तृणमूल सरकार के कार्यकाल में भर्ती हुए भ्रष्टाचार का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है, उनका भविष्य अनिश्चित हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *