कर्नाटक के बिजी बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे पर कार के अंदर बैठे एक परिवार के ऊपर भीड़ ने हमला कर दिया। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। ये हमला हाईवे पर चल रही दूसरी कार के डैशकैम में रिकॉर्ड में रिकॉर्ड हो गया।
वीडियो में हाईवे के बीचों-बीच कुछ लोगों का एक ग्रुप नीली कार की तरफ दौड़ते हुए दिखाई दे रहा है। फिर वे जबरदस्ती दरवाजा खोलते हैं और सबके सामने ड्राइवर की सीट पर बैठे आदमी पर ताबड़तोड़ मुक्के बरसाते हैं।
कार में महिला और बच्चे भी थे
कार में कम से कम 4 से 5 लोग सवार थे, जिनमें एक महिला और एक बच्चा भी शामिल था। भीड़ उस आदमी को पीटती रही। उनमें से कम से कम एक व्यक्ति पीड़ित को किसी ऐसी चीज से मारता हुआ देखा गया जो धातु की बनी लग रही थी।
कार से बाहर निकालकर भीड़ ने पीटा
थोड़ी देर बाद राहगीरों को हमला रोकने और बीच-बचाव करने की कोशिश करते देखा गया। वीडियो के आखिर में एक महिला हमला होने पर कार से बाहर निकलती है और भीड़ से रुकने की गुजारिश करती है। पीड़ित को कार से घसीटकर बाहर निकाला गया और भीड़ ने उसे पीटा।
पीछे से आ रही कार के डैशकैम में कैद हुई घटना
कथित हमले की असल वजह अभी पता नहीं चल पाई है। बताया जा रहा है कि यह घटना एक्सप्रेसवे के मद्दुर इलाके में हुई और परिवार की कार के पीछे चल रही एक गाड़ी के डैशकैम में यह घटना रिकॉर्ड हो गई।