नेपाल के काठमांडु से दुखद खबर सामने आ रही है, जहां दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करने के बाद नीचे उतरते समय दो भारतीय पर्वतारोहियों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
तक भारतीय पर्वतारोहियों की पहचान अरुण कुमार तिवारी और संदीप अरे के रूप में हुई है। मौत की वजह थकान बताई जा रही है।
तमाम कोशिशों के बाद भी नहीं बची जान
नेपाल के एक्सपीडिशन ऑपरेटर्स एसोसिएशन के महासचिव ऋषि भंडारी ने बताया कि भारतीय पर्वतारोही अरुण कुमार तिवारी और संदीप अरे चोटी से नीचे उतरते समय बहुत थक गए थे और उनके गाइडों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
कब हुई मौत?
भंडारी ने PTI को बताया कि ऐसा लगता है कि अरे ने बुधवार को और तिवारी ने गुरुवार को शाम करीब 5.30 बजे चोटी फतह की थी। उन्होंने कहा कि गाइडों ने बहुत कड़ी मेहनत की लेकिन वे उन्हें बचा नहीं पाए। संदीप अरे की मौत गुरुवार को हुई, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि अरुण कुमार तिवारी की मौत कब हुई।
बता दें कि बुधवार को संदीप और अरुण सहित तीन भारतीय उन 274 पर्वतारोहियों के समूह का हिस्सा थे, जिन्होंने 8,848.86 मीटर ऊंची चोटी फतह की। यह एक ही दिन में सबसे ज्यादा बार चोटी पर चढ़ने का एक नया रिकॉर्ड था।
अन्य दो पर्वतारोही तुलसी रेड्डी पालपुनूरी और अजय पाल सिंह धालीवाल थे। अगले दिन, गुरुवार को, भारत की लक्ष्मीकांता मंडल भी दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचीं।