खाली ऑफिस, बंद बिल्डिंग्स… अमेरिका में विदेशी छात्रों पर नया संकट, OPT वीजा फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा…

अमेरिका के इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) और यूनाइटेड स्टेट्स सिटीजनशिप एंड इमिग्रेशन सर्विसेज (USCIS) ने ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (OPT) वीजा प्रोग्राम में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का खुलासा किया है। पूरे अमेरिका में हजजारों विदेशी छात्र और संदिग्ध नियोक्ता इस घोटाले में शामिल पाए गए हैं।

ICE के एक्टिंग डायरेक्टर टॉड लायन्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जांचकर्ताओं को खाली दफ्तर, बंद इमारतें और नकली काम की जगहें मिलीं हैं। ये कंपनियां सैकड़ों विदेशी छात्रों को नौकरी देने का दावा करती थीं, जबकि उनका कोई असली कारोबार नहीं था।

लायन्स ने कहा, ‘OPT प्रोग्राम, जो मूल रूप से छात्रों को सीमित समय के लिए काम देने के लिए बनाया गया था, अब एक बेकाबू गेस्ट वर्कर पाइपलाइन बन चुका है। हमने टॉप 25 OPT एम्प्लॉयर्स की जांच में 10,000 से ज्यादा विदेशी छात्रों की पहचान की है जो बेहद संदिग्ध नियोक्ताओं से जुड़े हैं।’

नकली ऑफिस और रिहायशी ठिकानों का इस्तेमाल

जांचकर्ताओं ने टेक्सास, वर्जीनिया, जॉर्जिया, इलिनोइस, न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, नॉर्थ कैरोलिना और फ्लोरिडा समेत कई राज्यों में छापेमारी की। कई जगहों पर खाली इमारतें, बंद दरवाजे और आवासीय घर मिले जिन्हें काम की जगह बताया गया था। कई कंपनियां एक ही पते पर रजिस्टर्ड थीं, जबकि उस जगह का किराया किसी ने नहीं लिया था।

HSI के एग्जीक्यूटिव एसोसिएट डायरेक्टर जॉन कॉनिक ने बताया कि नॉर्थ टेक्सास में 18 वर्क साइट्स की जांच में शेल कंपनियों का नेटवर्क सामने आया। एक कंपनी ने दावा किया कि वह सिर्फ तीन OPT छात्रों को नौकरी दे रही है, जबकि रिकॉर्ड्स में 500 से ज्यादा छात्र जुड़े पाए गए।

कई कंपनियों का HR और मैनेजमेंट काम भारत से संचालित होता था। कुछ ने PO बॉक्स या खाली जगहों को बिजनेस एड्रेस बताया। अधिकारियों का कहना है कि ये कंपनियां टैक्स चोरी, मुकदमों और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से भी जुड़ी मिली हैं। लायन्स ने इसे ‘जान-बूझकर और सुनियोजित अंतरराष्ट्रीय धोखाधड़ी बताया।

OPT प्रोग्राम क्या है?

USCIS के अनुसार, OPT F-1 छात्रों के लिए अस्थायी रोजगार है जो उनकी पढ़ाई के मुख्य विषय से जुड़ा होता है। छात्र पढ़ाई पूरी करने से पहले या बाद में 12 महीने तक OPT के लिए आवेदन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *