PM-अबुआ आवास योजना में अधूरे घरों पर सख्ती, लाभुकों के घर पहुंचेंगे चौकीदार; काम पूरा नहीं होने पर नोटिस जारी करने के निर्देश…

केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के शत प्रतिशत क्रियान्वयन के लिए मंगलवार को प्रखंड के सरैया पंचायत भवन में पंचायत सचिव धर्मेंद्र पासवान की अध्यक्षता में पंचायत समन्वय समिति की बैठक हुई।

बैठक में पंचायत से संबंधित आंगनबाड़ी सेविका, शिक्षक, प्रज्ञा केंद्र संचालक, कृषक मित्र शामिल हुए। बैठक के दौरान पंचायत में संचालित सभी योजनाओं की समीक्षा की गई।

साथ ही प्रधानमंत्री आवास एवं अबुआ आवास के लाभुकों जिनके द्वारा अभी तक आवास निर्माण पूर्ण नहीं किया गया है उन्हें आवास पूर्ण कराने के लिए चौकीदार द्वारा नोटिस पहुंचाने का निर्देश पारित किया गया।

उपस्थित आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा जन्म-मृत्यु का डाटा उपलब्ध कराया गया जिसमें पंचायत सचिव द्वारा अगले महीने की बैठक में आंगनबाड़ी में लाभुक बच्चों की संख्या उपलब्ध कराने को कहा गया।

बैठक में प्रज्ञा संचालकों ने बताया कि आयुष्मान कार्ड प्रज्ञा केंद्र में बनाया जा रहा है। इसका लाभ सभी लोग उठाएं।

बताया गया कि ऑनलाइन लगान रसीद नहीं रहने के कारण जाति, निवासी प्रमाण पत्र बनाने में दिक्कत हो रही है। इसमें सुधार कराने का सुझाव दिया गया। बैठक में बताया गया कि पंचायत स्तर से चापाकल की मरम्मत की जा रही है। जहां चापाकल खराब है उसकी जानकारी पंचायत कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें ताकि चापाकल की मरम्मत हो सके।

इसके साथ ही सर्वजन पेंशन एवं मंइयां योजना के लाभुकों का भौतिक सत्यापन किए जाने की भी जानकारी दी गई। जिन लाभुकों की मृत्यु हो गई है एवं जो लाभुक सरकारी लाभ ले रहे हैं उन्हें उक्त योजना के लाभ से वंचित करने का निर्णय लिया गया। पंचायत में संचालित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई।

संबंधित पंचायत के एएनएम उपस्थित नहीं रहने के कारण स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा नहीं की जा सकी। इसके साथ ही प्रखंड के सभी 25 पंचायतों में पंचायत समन्वय समिति की बैठक हुई।

केंद्र एवं राज्य सरकार की लाभकारी योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु प्रत्येक महीने के 12 तारीख को पंचायत समन्वय समिति की बैठक करने का निर्देश उपायुक्त द्वारा दिया गया है।

बैठक में आंगनबाड़ी सेविका ललिता कुमारी, कल्पना कुमारी, प्रीति देवी, लाडली खातुन, शबाना खातुन, पार्वती देवी, पूजा कुमारी, प्रज्ञा केंद्र संचालक पितांबर मंडल, विवेक कुमार, सुमन कुमार, आस्तिक पोद्दार, गोविंद साह आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *