प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को कर्नाटक में कई जगहों पर तलाशी ली। यह कार्रवाई प्रतिबंधित आतंकी संगठन आईएस में शामिल होने के लिए युवाओं को कट्टरपंथी बनाने से जुड़े मामले में मनी लांड्रिंग की जांच के तहत की गई।
केंद्रीय एजेंसी ने बेंगलुरु और उसके आसपास करीब आठ जगहों पर छापेमारी की। यह जांच एनआईए की उस एफआईआर से जुड़ी है जो आईएस में भर्ती से संबंधित है। इसमें ‘इकरा वेलफेयर ट्रस्ट’, ‘गाइडेंस फार मैनकाइंड’ और कुछ व्यक्ति शामिल हैं।
एनआईए ने पांच लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। आरोप है कि ये सभी प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन से जुड़े थे। उन्होंने बेंगलुरु के मुस्लिम युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर आइएस में शामिल करने की साजिश रची थी।
इन आरोपितों ने ‘इकरा कैंप’ नाम की मुस्लिम “पर्सनैलिटी डेवलपमेंट” (व्यक्तित्व विकास) वर्कशाप का आयोजन किया था। इसके जरिये युवाओं की पहचान की, उन्हें कट्टरपंथी बनाकर भर्ती किया।
इसके साथ ही उन्होंने फंड एकत्र किया। इसके अलावा, उन्होंने भर्ती किए गए लोगों को सीरिया भेजकर आइएस में शामिल होने और सीरिया सरकार के खिलाफ लड़ने में मदद की।