जिले में आमजनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत आज ग्राम बड़े तुमनार स्थित आम बगीचा परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का निरीक्षण जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर ग्रामीणों को दी जा रही योजनाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक ग्रामीण की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सरल प्रक्रिया के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि सुशासन शिविर शासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
शिविर में ग्रामीण जन उपस्थित हुए, जिन्होंने आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, जॉब कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, राजस्व प्रकरण, विद्युत, पेयजल तथा अन्य योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जिला सीईओ ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागीय स्टॉलों में पहुंचकर हितग्राहियों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड निर्माण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मनरेगा एवं आवास योजनाओं, कृषि विभाग द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड एवं कृषि योजनाओं, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड तथा श्रम विभाग द्वारा श्रमिक पंजीयन से संबंधित जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा ने अधिकारियों से कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने एवं अपनी समस्याओं को निःसंकोच प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की। सुशासन शिविर के दौरान जनपद पंचायत सीईओ श्री बलराम ध्रुव, नायब तहसीलदार भादुराम धनकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।