‘कांग्रेस को लोकसभा में सिर्फ गांधी परिवार की महिला चाहिए’: रेखा गुप्ता का विपक्ष पर तीखा हमला…

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने कहा कि लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन विधेयक का पारित नहीं होना निराशाजनक है। स्वतंत्रता के 78 वर्ष बाद भी देश की बेटी को अधिकार नहीं मिला।

लोकसभा व विधानसभा में पहुंचने के लिए वह वर्षों से संघर्ष कर रही हैं। लड़की हूं लड़ सकती हूं कहने वाली वह लड़कियों की लड़ाई को छोड़कर भाग गईं। वह कहती हैं कि लोकतंत्र की जीत हुई है। उनसे मैं पूछना चाहती हूं कि बेटियों के स्वाभिमान की हार में लोकतंत्र की जीत कैसे हो सकती है?

प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि 30 वर्षों के संघर्ष के बाद लगा था कि महिलाओं के अधिकार देने वाला विधेयक लोकसभा में पारित होगा। केंद्र सरकार को उम्मीद थी महिलाओं को अधिकार देने के लिए सभी दल एकजुट होकर इसे पारित करेंगे, लेकिन विपक्ष ने साथ नहीं दिया। कोटे में कोटा, परिसिमन के बिना तो अन्य बहाने बनाकर इस विधेयक को रोक दिया।

सच्चाई यह है कि वर्ष 2023 के विधेयक की सभी प्रविधान इस बार के विधेयक में था। उस विधेयक का समर्थन करने के बाद फिर विपक्ष ने इस बार विरोध क्यों किया? प्रधानमंत्री ने इस विधेयक में सबसे बेहतर फॉर्मूला दिया था।

इसमें महिलाओं का उचित प्रतिनिधित्व मिलता और पुरुषों की संख्या भी कम नहीं होती। देश की जनता विशेषकर महिलाएं सब कुछ देख रही हैं।

कांग्रेस ने महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक समझा: रेखा गुप्ता

मुस्लिम महिलाओं की हितैषी बनने वालों को बताना चाहिए कि तीन तलाक विरोधी कानून का और शाह बानो केस में हुए निर्णय का विरोध क्यों किया था।

दरअसल विपक्ष के नेताओं को यह डर लगता है कि उनकी या उनकी परिवार की किसी महिला की सीट पर कोई आम महिला न जीत जाए। प्रियंका वाड्रा गांधी को सिर्फ गांधी परिवार की महिलाएं राजनीति में चाहिए। इसी तरह से समाजवादी पार्टी को सिर्फ मुलायम सिंह के परिवार की महिलाएं लोकसभा में चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस देशहित में काम नहीं करती है। कांग्रेस ने महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक समझा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभी योजनाओं के केंद्र महिलाएं होती हैं।

यही कारण है कि उनके प्रति महिलाओं का स्नेह व आशीर्वाद बढ़ रहा है। इससे विपक्ष भयभीत है। देश की महिलाएं व बेटियां अपनी लड़ाई लड़कर अपना स्थान बनाएंगी।

इस लड़ाई में महिलाओं को प्रधानमंत्री मोदी का साथ है। विधायक शिखा राय ने कहा कि भाजपा महिला नेतृत्व को आगे बढ़ा रही है। इसका उदाहरण दिल्ली में रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाना है। कांग्रेस व अन्य विरोधी पार्टियां महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *