एनटीए ने रविवार को नीट-यूजी 2026 की 21 जून को फिर से होने वाली परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को शहरों का आवंटन कर दिया।
अभ्यर्थी अपने आवेदन संख्या और पासवर्ड के साथ लॉगिन करके एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा एक्स पर जारी सूचना के अनुसार पुनः परीक्षा पेन-पेपर आधारित मोड में दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की जाएगी।
NTA ने दोबारा परीक्षा के लिए किया शहरों का आवंटन
एनटीए ने स्पष्ट किया कि सिटी इंटीमेशन स्लिप परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र नहीं है और इसे केवल उम्मीदवारों को उस शहर के बारे में सूचित करने के लिए जारी किया गया है जहां उनका परीक्षा केंद्र स्थित होगा। प्रवेश पत्र बाद में जारी किया जाएगा।
एनटीए ने कहा कि सभी छात्रों को पहले विकल्प के तौर पर चुने गए शहर देने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। एजेंसी ने आगे उम्मीदवारों से आग्रह किया कि वे परीक्षा और प्रवेश पत्र जारी करने के संबंध में नवीनतम जानकारियों के लिए आधिकारिक वेबसाइटों के माध्यम से अपडेट रहें।
बता दें कि नीट-यूजी तीन मई को देश-विदेश में आयोजित किया गया था लेकिन पेपर लीक के चलते एनटीए द्वारा इसे रद कर दिया गया था। इस मामले की जांच वर्तमान में सीबीआइ द्वारा की जा रही है।