चुनाव आयोग की बड़ी पहल, ‘संदिग्ध विदेशियों’ के विवरण पर अधिकारियों से होगा समन्वय…

निर्वाचन आयोग ने अपनी राज्य स्तरीय चुनाव मशीनरी को निर्देश दिया है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान ‘संदिग्ध विदेशी नागरिकों’ के मामलों को सक्षम अधिकारियों के साथ साझा किया जाए।

निर्वाचन आयोग ने इस बात पर भी जोर दिया कि जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र वापस नहीं आए हैं, उनके लिए बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) आसपास के मतदाताओं से पूछताछ के आधार पर अनुपस्थिति, स्थानांतरण, मृत्यु और दोहरी प्रविष्टि जैसे संभावित कारणों की पहचान करेंगे और उन्हें दर्ज करेंगे।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को 14 मई को जारी विस्तृत निर्देशों में एसआइआर के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया के बारे में कहा गया है-निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) संदिग्ध विदेशी नागरिकों के मामलों को नागरिकता अधिनियम, 1955 के तहत सक्षम अधिकारी को भेजेंगे।

इन उद्देश्यों के लिए, सहायक ईआरओ स्वतंत्र रूप से ईआरओ की शक्तियों का प्रयोग करेंगे। पिछले साल जब चुनाव आयोग बिहार में एसआइआर की तैयारी कर रहा था, तब उसके अधिकारियों ने दावा किया था कि उसके जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं द्वारा बांग्लादेश, नेपाल और म्यांमार के कई नागरिकों का पता लगाया गया था।

हालांकि, अंततः चुनाव आयोग ने ऐसे लोगों की कोई संख्या या सुबूत साझा नहीं किया, जो मतदाता सूची में शामिल होने के योग्य नहीं थे। विपक्षी दलों ने एसआइआर को भाजपा और उसके सहयोगियों का समर्थन नहीं करने वाले मतदाताओं को निशाना बनाने के लिए एक चाल करार दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *