घरेलू विवाद बना त्रासदी, कर्नाटक में पिता-बेटी की हत्या, मां जिंदगी की जंग लड़ रही…

कर्नाटक के कोप्पल जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़के ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद के बाद अपने ही पिता, मां और बड़ी बहन पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पिता और बहन की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी किशोर ने अपने पिता यंकन्ना नायडू (48), मां सौजन्या और 20 वर्षीय बहन प्रगति पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में प्रगति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता को बल्लारी के वीआईएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

घायल मां की हालत नाजुक

घटना में घायल मां सौजन्या का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, आरोपी नाबालिग भी इस दौरान घायल हुआ है और उसका भी उपचार जारी है।

घर के चारों सदस्य खून से लथपथ मिले

बताया जा रहा है कि घर से चीख-पुकार और झगड़े की आवाज सुनकर लड़के के दादा-दादी और एक पड़ोसी मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने पर उन्होंने उसे तोड़ा और अंदर का मंजर देखकर दंग रह गए। घर के चारों सदस्य खून से लथपथ हालत में पड़े मिले।

दादा की शिकायत पर मामला दर्ज

दादा की शिकायत के आधार पर गंगावती पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती आशंका है कि विवाद ऑनलाइन गेमिंग की लत को लेकर हुआ हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *