आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम और जीआरपी बस्ती की संयुक्त टीम ने गाड़ी संख्या 15565 वैशाली एक्सप्रेस के जनरल कोच में छापेमारी कर 17 किलो गांजा बरामद किया। यह मादक पदार्थ लावारिस हालत में मिला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई जा रही है।
आरपीएफ व जीआरपी की टीम ने ट्रेन के जनरल कोच की सघन जांच के दौरान संदिग्ध सामान को कब्जे में लिया। तलाशी लेने पर उसमें गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई में स्पेशल टास्क टीम लखनऊ के उप निरीक्षक राकेश कुमार प्रजापति, हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार सिंह, कांस्टेबल अनिरुद्ध मौर्य, दुर्गेश प्रसाद, अरविंद सिंह यादव, अमरनाथ, धर्मेंद्र यादव और देवेंद्र कुमार सिंह शामिल रहे। इसके अलावा स्काट पार्टी लखनऊ, सीआईबी गोरखपुर एरिया, आरपीएफ बस्ती और जीआरपी बस्ती की टीम ने भी संयुक्त रूप से अभियान में हिस्सा लिया।
आरपीएफ बस्ती के प्रभारी निरीक्षक मिर्जा राशिद बेग ने बताया कि बरामद गांजे को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी बस्ती को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा किसके द्वारा और कहां ले जाया जा रहा था।