बेमेतरा : सुशासन तिहार-2026 : 05 मई को मोहरेंगा एवं सलधा में समाधान शिविर आयोजित, ग्रामीणों को मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ…

जिले में सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 05 मई को दो प्रमुख स्थानों पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

जनपद पंचायत बेमेतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहरेंगा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में तथा नगर पंचायत बेरला के ग्राम सलधा स्थित कार्यालय भवन में यह शिविर आयोजित होगा। दोनों स्थानों पर शिविर का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 03 बजे तक निर्धारित किया गया है।

   मोहरेंगा क्लस्टर के अंतर्गत ग्राम तुमा, खाम्हरिया, मऊ, झिरिया, भोथीडीह, उसलापुर, आंदू, भसूली, भैंसा, छितापार, ढारा, बालसमुंद, मुनरबोड, राउरपुर, मोहरेंगा, पौसरी, खैरझिटी, अर्जुनी, बावाघठोली एवं बगौद सहित आसपास के ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को शिविर में आमंत्रित किया गया है।

इन सभी ग्रामों के नागरिक अपनी समस्याएं, मांग एवं शिकायतें सीधे शिविर में प्रस्तुत कर सकेंगे। समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित करने की व्यवस्था की गई है। साथ ही प्राप्त आवेदनों का यथासंभव त्वरित निराकरण भी किया जाएगा, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, श्रम, विद्युत, जल संसाधन सहित अन्य विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।

वे नागरिकों की समस्याओं को सुनकर मौके पर समाधान सुनिश्चित करेंगे तथा विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान करेंगे। सुशासन तिहार के इस विशेष आयोजन का उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना, प्रशासनिक सेवाओं को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना तथा आम नागरिकों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराना है।

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के समस्त ग्रामीणजनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं।

उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *