कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रविवार को कहा कि 2029 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी विपक्षी गठबंधन इंडी का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने उन खबरों को सिर से खारिज किया जिनमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके (तमिलगा वेत्री कझगम ) नेता सी. जोसेफ विजय को विपक्षी गठबंधन का प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने की बात कही गई थी।
वेणुगोपाल ने कहा कि टीवीके की ओर से ऐसी कोई मांग नहीं की गई है। उन्होंने कहा- “कोई भी ऐसी भ्रम की स्थिति नहीं पैदा करनी चाहिए। राहुल गांधी इंडी गठबंधन का चेहरा होंगे।”
उनके मुताबिक, छात्रों, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर राहुल गांधी के अभियानों को देशभर में व्यापक समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि इंडी ब्लॉक मजबूत है और कुछ राज्यों में सहयोगी दलों के बीच चुनावी प्रतिस्पर्धा के बावजूद गठबंधन आगे बढ़ रहा है। वेणुगोपाल ने विश्वास जताया कि आपसी मतभेदों को सुलझा लिया जाएगा।
केरल की राजनीति पर उन्होंने माकपा पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि पार्टी अपनी गलतियों से सबक नहीं ले रही है। साथ ही उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर देश को अंधकार युग की ओर ले जाने का आरोप लगाया। उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन और कथित पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार की आलोचना की।