मंदाकिनी में आई बाढ़ से पीड़ितों को राहत देने पहुंचेंगे सीएम योगी, करेंगे हवाई सर्वेक्षण…

मंदाकिनी की प्रलयकारी बाढ़ से हुई तबाही का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को हवाई सर्वेक्षण कर जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे चित्रकूट पहुंचेंगे।

हेलीकाप्टर से बाढ़ प्रभावित गांवों, सड़कों, पुलों और अन्य क्षतिग्रस्त क्षेत्रों की स्थिति देखने के बाद वह रामायण मेला परिसर पहुंचेंगे। यहां बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत किट वितरित करेंगे।

करीब 20 दिन तक बाढ़ की विभीषिका झेल चुके जिले में मुख्यमंत्री का दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब रामघाट समेत 36 गांवों में बाढ़ के निशान बाकी हैं। करीब 500 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।

इनमें 311 क्षतिग्रस्त मकानों के पीड़ितों को प्रशासन की ओर से मुआवजा दिया जा चुका है। नदी-नालों के तेज बहाव से सड़क, पुल और संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। रामघाट समेत नदी किनारे के इलाकों में दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों में पानी भरने से कारोबार को भी बड़ा नुकसान हुआ है।

मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर देवांगना घाटी स्थित चित्रकूट एयरपोर्ट पर उतरेगा। इसके बाद वह सड़क मार्ग से रामायण मेला परिसर पहुंचेंगे। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने शनिवार सुबह एयरपोर्ट, रामघाट और रामायण मेला परिसर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

सदर एसडीएम अजय कुमार ने बताया कि सुरक्षा समेत कार्यक्रम स्थल की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराई जा रही हैं। गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव भी चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *