अबू धाबी भागने की फिराक में था हरियाणा का नशा तस्कर, शिमला पुलिस ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से दबोचा…

अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ शिमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में अहम कड़ियों तक पहुंच बनाई है। शोघी में 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हेरोइन बरामदगी मामले में नारायणगढ़, जिला अंबाला निवासी आजाद सिंह को अहमदाबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया, वह अबू धाबी भागने की तैयारी में था। 

वहीं, जुब्बल थाना पुलिस ने चिट्टा सप्लाई नेटवर्क के मुख्य सप्लायर एवं ऑपरेटर सन्नी सिंह को अंबाला से गिरफ्तार किया है। तीसरे मामले में सदर थाना शिमला पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे अमृतसर निवासी करण को दबोचा है।

कई राज्यों तक कड़ियां

तीनों मामलों की जांच में नशे के कारोबार की कड़ियां हिमाचल से बाहर पंजाब और हरियाणा तक पहुंची हैं। पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क के साथ-साथ आरोपितों के तकनीकी संपर्क और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की है।

पुलिस ने बैकवर्ड लिंक खंगाले

शोघी के समीप 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हेरोइन बरामदगी मामले में शिमला पुलिस के स्पेशल सेल ने तीन अगस्त 2026 को विजय कुमार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पूछताछ, तकनीकी निगरानी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हेरोइन की खेप के बैकवर्ड लिंक खंगालने शुरू किए। जांच में सामने आया कि विजय कुमार को हेरोइन की खेप तरनतारन निवासी शुभकरमन सिंह उर्फ सुल्तान ने उपलब्ध करवाई थी। शुभकरमन सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

टूरिस्ट वीजा बनाकर भागने वाला था आजाद सिंह

इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो नारायणगढ़, जिला अंबाला निवासी आजाद सिंह की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार कार्रवाई की भनक लगने के बाद आजाद सिंह फरार हो गया था। वह देश छोड़कर अबू धाबी जाने की तैयारी कर रहा था और उसने पासपोर्ट व टूरिस्ट वीजा भी बनवा लिया था। 

शिमला की स्पेशल टीम ने गुजरात पुलिस के साथ की संयुक्त कार्रवाई

स्पेशल सेल ने तकनीकी निगरानी के माध्यम से उसकी लोकेशन अहमदाबाद में ट्रेस की और गुजरात पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे अहमदाबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। अहमदाबाद की अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद आरोपित को शिमला लाया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

सिग्नल एप से करते थे संपर्क

जांच में सामने आया है कि आरोपित आपसी संपर्क के लिए सिग्नल एप का इस्तेमाल करते थे। पुलिस के अनुसार शुभकरमन सिंह से आजाद सिंह और फिर विजय तक खेप पहुंचाई गई मामले में अब तक विजय, शुभकरमन और आजाद तीन आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं।

अंबाला और अमृतसर से भी गिरफ्तारियां

दूसरे मामले में पुलिस थाना जुब्बल ने जांच करते हुए इसके मुख्य सप्लायर एवं ऑपरेटर सन्नी सिंह को अंबाला से गिरफ्तार किया है। मामले में 15 जुलाई को घुमारवीं के रविन्द्र के कब्जे से 9.57 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। जांच में रविन्द्र ने बताया कि उसने चिट्टा सन्नी  से जीरकपुर में लिया था। रविन्द्र की निशानदेही और उसके मोबाइल से मिले लोकेशन डेटा के आधार पर पुलिस ने 13 स्थानों की जांच की। इनमें तीन स्थानों से 4.85 ग्राम, 4.79 ग्राम और 4.89 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस तरह मामले में अब तक कुल 24.10 ग्राम चिट्टा बरामद किया जा चुका है। तीसरे मामले में सदर थाना शिमला पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे अमृतसर निवासी करण को गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *