अभिनेता सैफ अली खान को जनवरी 2025 में बांद्रा स्थित उनके घर पर चाकू मारने के आरोप में गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक ने शुक्रवार को यहां की अदालत का रुख किया और मामले में अपना अपराध स्वीकार करने की इच्छा जताई।
घटना के दो दिन बाद गिरफ्तार किए गए मोहम्मद शरीफुल इस्लाम अभी न्यायिक हिरासत में हैं। उनके वकील विपुल दुशिंग ने बताया कि उन्होंने गुनाह कबूल करने की इच्छा जताते हुए अदालत से नरमी बरतने की अपील की है।
अदालत ने अभियोजन पक्ष से जवाब दाखिल करने को कहा और सुनवाई 11 सितंबर तक के लिए टाल दी। इस महीने की शुरुआत में, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जी पी देशमुख ने इस्लाम के खिलाफ आरोप तय किए थे, जिससे मुकदमे का रास्ता साफ हो गया।
उन पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत आरोप लगाए गए थे।16 जनवरी 2025 को बांद्रा के पाश इलाके में स्थित 12वीं मंजिल के अपार्टमेंट के अंदर खान पर हमला हुआ था। 54 वर्षीय अभिनेता की लीलावती अस्पताल में इमरजेंसी सर्जरी हुई थी और पांच दिन बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।