जल्द ही खाने पीने की वस्तुओं के पैकेट पर जल्द ही आपको अधिक चीनी, नमक की चेतावनी दिख सकती है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने अधिक चीनी, नमक या फैट वाले खाद्य और पेय पदार्थों के पैकेट पर लाल रंग का चेतावनी लेबल लगाने का प्रस्ताव दिया है।
इससे उपभोक्ता उसे खरीदने से पहले स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान को लेकर सचेत हो सकेंगे। नेस्ले, पेप्सिको और कोका-कोला जैसी कंपनियां इस कदम का विरोध कर रही हैं क्योंकि इससे बिक्री पर असर पड़ने की आशंका है।
कंपनियां कर रहीं विरोध
सुप्रीम कोर्ट में एफएसएसएआइ की एक फाइलिंग का हवाला देते हुए रॉयटर्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि चेतावनी लेबल पर अधिक फैट या वसा, अधिक शुगर, अधिक नमक या बहुत ज्यादा मीठा ड्रिंक जैसे जरूरी जानकारी लिखी होगी ताकि ग्राहक आसानी से उन उत्पादों की पहचान कर सकें जिनमें बताए गए न्यूट्रिएंट्स अधिक हों।
एफएसएसएआई ने सुप्रीम कोर्ट को यह जानकारी तब दी जब शीर्ष अदालत उन याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा था, जिनमें पश्चिमी देशों की तरह चेतावनी वाले लेबल लगाने की मांग की गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने इस महीने की शुरुआत में हुई सुनवाई में एफएसएसएआई से कहा था कि इन लेबल को लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। सुप्रीम कोर्ट ने पिछली सुनवाई में पैक्ड फूड के पैकेट पर जरूरी चेतावनी लेबल लगाने में हुई लंबी देरी को लेकर एफएसएसएआइ को फटकार लगाई थी।