जिला शिक्षा अधिकारी ने परखी विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को किया पुरस्कृत
प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के अंतर्गत कोरिया जिले के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला दामुज में आयोजित न्योता भोजन कार्यक्रम बच्चों के लिए प्रेरणा और प्रोत्साहन का उत्सव बन गया। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनकी शैक्षणिक प्रतिभा को भी सम्मानित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेन्द्र गुप्ता ने विद्यार्थियों की अध्ययन क्षमता का आकलन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के अध्ययन स्तर की समीक्षा की। उन्होंने प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों से पाठ्यपुस्तकों का वाचन कराया तथा गणित के पहाड़े पूछकर उनकी सीखने की क्षमता का परीक्षण किया। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कक्षा चौथी के छात्र विराट तथा कक्षा पांचवीं के छात्र संकल्प तिवारी ने 35 तक के पहाड़े सुनाकर अपनी गणितीय दक्षता का परिचय दिया। वहीं माध्यमिक शाला की कक्षा आठवीं की छात्रा चुलेश्वरी ने 25 तक के पहाड़े सुनाकर सभी को प्रभावित किया। बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें सम्मानित कर निरंतर मेहनत और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।