उमा साहू के चेहरे पर खिली मुस्कान
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इसी क्रम में महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को नियमित रूप से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले योजना की 31वीं किस्त के रूप में एक हजार रुपये की राशि महिलाओं के बैंक खातों में पहुंचने से प्रदेश की लाखों बहनों के चेहरे पर खुशी और मन में आत्मविश्वास देखने को मिल रहा है।
सक्ती जिले के ग्राम डोडकी निवासी श्रीमती उमा साहू के लिए भी महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त रक्षाबंधन से पहले खुशियों का विशेष उपहार बनकर आई है। खाते में एक हजार रुपये की राशि पहुंचने पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना उनके परिवार के लिए नियमित आर्थिक संबल का माध्यम बनी है।
योजना से प्राप्त राशि को वे घरेलू खर्च में उपयोग करने के बजाय अपनी बेटी के बेहतर भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि खातों में जमा कर रही हैं। श्रीमती उमा साहू बताती हैं कि आज की छोटी-छोटी बचत ही भविष्य में बेटी की उच्च शिक्षा और उनके बड़े सपनों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि उनके लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अपनी बेटी के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य को संवारने का अवसर है। नियमित रूप से मिलने वाली इस राशि से उन्हें भविष्य के लिए बचत करने का भरोसा और संबल मिला है।
रक्षाबंधन से पहले 31वीं किस्त मिलने की खुशी जाहिर करते हुए श्रीमती उमा साहू ने कहा, “हमारे विष्णु भैया ने सितंबर माह में मिलने वाली राशि को अगस्त माह में ही देकर हम बहनों को रक्षाबंधन का उपहार दिया है। राखी से पहले यह राशि मिलना हमारे लिए बहुत खुशी की बात है। विष्णु भैया ने हमारी खुशियां दोगुनी कर दी हैं। इसके लिए मैं उन्हें हृदय से धन्यवाद देती हूं।” उन्होंने आगे कहा कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि को बेटियों के भविष्य के लिए सुरक्षित रखने से उन्हें यह विश्वास मिला है कि आने वाले समय में उनकी बेटी की पढ़ाई और अन्य आवश्यकताओं के लिए आर्थिक आधार मजबूत रहेगा।
उनके लिए योजना की प्रत्येक किस्त केवल राशि नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश सरकार महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। योजना की राशि महिलाएं अपनी व्यक्तिगत जरूरतों, घरेलू आवश्यकताओं तथा बच्चों की शिक्षा और भविष्य की योजनाओं में उपयोग कर रही हैं। इससे महिलाओं की आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को भी बल मिल रहा है।
रक्षाबंधन जैसे आत्मीय और पारिवारिक पर्व से पहले सितंबर माह की राशि अगस्त में प्राप्त होना श्रीमती उमा साहू सहित प्रदेश की लाखों बहनों के लिए खुशियों की अतिरिक्त सौगात बनकर आया है। महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त उनके लिए आर्थिक सहायता के साथ-साथ बहनों के सम्मान, भरोसे और सशक्तिकरण का संदेश लेकर आई है। यही कारण है कि रक्षाबंधन से पहले मिली इस राशि को बहनें “विष्णु भैया के उपहार” के रूप में आत्मीयता और खुशी के साथ महसूस कर रही हैं।